वायनाड (केरल), एक मार्च (भाषा) केरल के वायनाड में भूस्खलन पीड़ितों के लिए बहुप्रतीक्षित टाउनशिप के उद्घाटन के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और तीन वर्षीय एक बच्ची के बीच का एक मार्मिक क्षण रविवार को राजनीतिक बहस का केंद्र बिंदु बन गया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेताओं ने इस मुलाकात का फायदा उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को निशाना बनाया और बच्ची के साथ उनकी पिछली मुलाकात की तुलना की।
लड़की की पहचान न्यासा के रूप में हुई, जिसने मुंडक्कई-चूरलमाला भूस्खलन त्रासदी के तुरंत बाद इस पहाड़ी जिले के एक अस्पताल के दौरे में प्रधानमंत्री मोदी की उससे हुई बातचीत के बाद राष्ट्रीय स्तर पर लोगों का ध्यान आकर्षित किया था।
इस त्रासदी में जीवित बचे सबसे कम उम्र के बच्चों में शामिल न्यासा ने 30 जुलाई, 2024 को वायनाड में आई भीषण आपदा में अपने पिता और भाई-बहनों को खो दिया था।
बच्ची और प्रधानमंत्री के बीच हुई भावपूर्ण बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था और राष्ट्रीय मीडिया में भी इसे व्यापक रूप से दिखाया गया था।
मुख्यमंत्री विजयन द्वारा नवनिर्मित टाउनशिप में 178 जीवित बचे लोगों को घर सौंपे जाने के बाद न्यासा और उसकी मां को भी घर मिल गया ।
टेलीविजन चैनलों द्वारा मुख्यमंत्री विजयन की बातचीत के दृश्य प्रसारित किए जाने के तुरंत बाद, वरिष्ठ माकपा नेता और राज्यसभा सदस्य जॉन ब्रिटास और सामान्य शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर इसकी सराहना की।
राज्यसभा सदस्य ब्रिटास ने अपने फेसबुक पोस्ट में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों के साथ बच्ची के वीडियो साझा करते हुए कहा कि एक व्यक्ति अपना ‘दिखावा’ करके चला गया, जबकि दूसरे ने अपने वादे पूरे किए।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अपनी यात्रा के दौरान बच्ची को गोद में लेकर लाड़-प्यार किया, लेकिन बाद में उसे या उसके परिवार को कुछ भी देने से इनकार कर दिया।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने अपने वादे पूरे करने के बाद बच्ची को गोद में लिया और लाड़-प्यार किया।
अपने फेसबुक पोस्ट में शिवनकुट्टी ने भी प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘तब रील में जो देखा गया और आज हकीकत में जो देखा जा रहा है।’
वरिष्ठ नेता ने लिखा, ‘वामपंथी सरकार सिर्फ वही कहती है जो वह कर सकती है और वह करती है जो वह कहती है।’
भाषा
राखी सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
