scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशभारतीय नकली मुद्रा मामले में एनआईए ने फरार नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया

भारतीय नकली मुद्रा मामले में एनआईए ने फरार नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया

Text Size:

नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने रविवार को एक पाकिस्तानी नागरिक से जुड़े फर्जी भारतीय मुद्रा मामले में 2014 से फरार एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया।

अधिकारियों ने बताया कि नेपाल के बारा जिले के नूर मोहम्मद के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी था। उसे बिहार के समस्तीपुर के शाहपुर पटोरी इलाके से गिरफ्तार किया गया।

जांच एजेंसी ने नवंबर 2017 में इस मामले में नयी दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट स्थित विशेष एनआईए अदालत के समक्ष उसके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।

जांच एजेंसी ने अप्रैल 2014 में 1,000 रुपये के 4,988 उच्च गुणवत्ता वाले नकली भारतीय करेंसी नोटों (एफआईसीएन) की बरामदगी के बाद जून 2014 में मामला दर्ज किया था, जिनका अंकित मूल्य 49,88,000 रुपये था।

एनआईए द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जब्त की गई मुद्रा 17 और 18 अप्रैल को दुबई से देश में लाई गई थी।

एनआईए की जांच में पता चला था कि आरोपी नूर मोहम्मद ने सह-आरोपी एकरामुल अंसारी और पाकिस्तानी नागरिक सैयद मोहम्मद शफी उर्फ ​​शफी चाचा सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर भारत में उच्च गुणवत्ता वाले नकली नोटों की खरीद, परिवहन, आपूर्ति और वितरण के लिए आपराधिक साजिश रची थी।

भाषा

प्रशांत देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments