scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशओमान के तट पर तेल टैंकर पर हमला, चालक दल के 15 भारतीय सदस्य थे सवार

ओमान के तट पर तेल टैंकर पर हमला, चालक दल के 15 भारतीय सदस्य थे सवार

Text Size:

नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के 15 सदस्यों वाले तेल टैंकर पर हमला हुआ है जिसमें चार व्यक्ति घायल हो गए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र के अनुसार तेल टैंकर ‘स्काईलाइट’ पर ओमान के मुसंदम प्रांत के पास तट से लगभग पांच समुद्री मील उत्तर में हमला किया गया।

केंद्र ने बताया कि तेल टैंकर पर पालाऊ का ध्वज अंकित था।

केंद्र ने कहा कि हमले में 20 सदस्यीय चालक दल को सुरक्षित रूप से निकाल लिया गया।

केंद्र के अनुसार चालक दल में 15 भारतीय और पांच ईरानी नागरिक शामिल थे।

चालक दल के चार सदस्यों को चोट आईं और उन्हें आवश्यक चिकित्सा देखभाल के लिए ले जाया गया।

घटना उस समय हुई जब ईरान ने उत्तरी खाड़ी में इजराइल के साथ बढ़ते तनाव के बीच प्रतिरोधी हमले तेज कर दिए हैं। ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद यह ताजा तनाव उत्पन्न हुआ है। इसके बाद तेहरान ने मिसाइल और ड्रोन से हमले किए।

ओमान के अधिकारियों ने बयान में यह नहीं बताया कि टैंकर पर किसने हमला किया।

भाषा जोहेब नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments