वायनाड (केरल), एक मार्च (भाषा) मुंडक्कई-चूरलमाला भूस्खलन के पीड़ितों को रविवार को तब एक नयी जिंदगी मिली जब केरल सरकार ने उनमें से 178 परिवारों को नए मकान सौंपे।
मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन ने यहां एल्टन एस्टेट में निर्मित वायनाड मॉडल टाउनशिप के पहले चरण का उद्घाटन किया। इसके साथ ही किराये के और अस्थायी आवासों में रहने वाले परिवारों के लिए लंबे समय से जारी विस्थापन का अंत हो गया।
विजयन ने सभी बुनियादी सुविधाओं से युक्त इस टाउनशिप को लाभार्थियों को समर्पित करते हुए इसे ‘‘केरल के पुनर्निर्माण संकल्प का प्रमाण’’ बताया।
पहले चरण के तहत, 30 जुलाई, 2024 की आपदा में जिनके मकान पूरी तरह से नष्ट हो गए थे, उन्हें 178 मकान सौंपे गए। मुख्यमंत्री विजयन ने लाभार्थियों को भूमि स्वामित्व के दस्तावेज भी वितरित किए।
उन्होंने कहा कि आपदा के बाद 13 अनुसूचित जनजाति परिवारों के पुनर्वास के लिए मेप्पडी गांव के पास पांच एकड़ जमीन अधिगृहीत की गई थी और इस अवसर पर उन्हें जमीन के पट्टे भी सौंप दिए गए।
कई लोगों की जान लेने वाली त्रासदी को याद करते हुए, विजयन ने भूस्खलन में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि यह कार्यक्रम राहत और अपनों को खोने की पीड़ादायक यादों से भरा हुआ है।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत अधिगृहीत भूमि पर विकसित की जा रही इस बस्ती में 410 परिवारों के पुनर्वास की परिकल्पना की गई है।
वर्तमान अनुमानों के अनुसार, परियोजना पूरी होने पर वहां 402 परिवारों के 1,662 लोग निवास करेंगे।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
