scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशहिमाचल पुलिस ने चिट्टा-विरोधी अभियान के तहत राज्य भर में 145 स्थानों पर छापेमारी की

हिमाचल पुलिस ने चिट्टा-विरोधी अभियान के तहत राज्य भर में 145 स्थानों पर छापेमारी की

Text Size:

शिमला, एक मार्च (भाषा) हिमाचल प्रदेश पुलिस द्वारा रविवार को चलाए गए चिट्टा-विरोधी अभियान के दौरान कुल 145 स्थानों की तलाशी ली गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

यहां जारी एक बयान में कहा गया है कि तलाशी के दौरान 406 ग्राम चरस, 19.236 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), 124 ग्राम अफीम की भूसी (चूरा-पोस्ट) और 465,100 मिलीलीटर अवैध शराब जब्त की गई तथा स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत छह मामले दर्ज किए गए।

इसमें बताया गया कि आबकारी अधिनियम के तहत चार मामले दर्ज किए गए।

हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में राज्य खुफिया विभाग, सशस्त्र बलों और जिला पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ समन्वित तलाशी और छापेमारी अभियान चलाया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के दौरान मादक पदार्थों की पहचान करने वाले उपकरणों का प्रभावी रूप से उपयोग किया गया तथा तलाशी, जब्ती और गिरफ्तारी की पूरी प्रक्रिया की विधिवत वीडियो रिकॉर्डिंग सुनिश्चित की गई।

उन्होंने कहा कि सभी कार्रवाइयां एनडीपीएस अधिनियम, भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), शस्त्र अधिनियम और अन्य लागू कानूनी प्रावधानों के पूर्ण अनुपालन में की गईं।

राज्य सरकार और पुलिस नशामुक्त समाज का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए ‘कतई बर्दाश्त न करने की नीति’ के साथ इस अभियान को अधिक व्यापक, वैज्ञानिक और आक्रामक तरीके से विस्तारित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध थे।

पुलिस विभाग ने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि वे मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत 112 पर या निकटतम पुलिस थाने को दें।

बयान में कहा गया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments