तिरुवनंतपुरम, एक मार्च (भाषा) केरल में राजनीतिक दलों और नेताओं ने अमेरिका-इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमले की रविवार को निंदा की।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने शाम को राज्य भर में विरोध प्रदर्शन किया और पश्चिम एशिया में अशांति फैलाने के लिए अमेरिका की आलोचना की।
माकपा की राज्य इकाई के सचिव एम. वी. गोविंदन ने तिरुवनंतपुरम में मार्च का नेतृत्व किया, जिसमें सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। लोग ‘‘मानवता की जीत होगी, ट्रंप की नहीं’’ लिखा हुआ बैनर अपने हाथों में लिये हुए थे।
अन्य राजनीतिक दलों ने भी जिले के विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन आयोजित किए।
मुस्लिम लीग के नेता सैयद मुनव्वर अली शिहाब थंगल ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को श्रद्धांजलि अर्पित की, जिनकी कथित तौर पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों में हत्या कर दी गई।
थंगल ने एक फेसबुक पोस्ट में कहा कि खामेनेई का जीवन ‘साहस और गरिमा से परिपूर्ण’ था और उन्होंने प्रार्थना की कि ‘‘रमजान के पवित्र महीने में उनकी वीर शहादत’’ अल्लाह द्वारा स्वीकार की जाए।
थंगल ने कहा कि ऐसे समय में जब कई लोग शक्तिशाली लोगों के अन्याय के आगे घुटने टेक देते हैं, खामेनेई मृत्यु के सामने भी अडिग साहस के साथ डटे रहे।
उन्होंने खामेनेई के जीवन और शहादत को अन्याय के खिलाफ छोटे-बड़े संघर्षों के लिए एक स्थायी प्रेरणा बताया और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इसी बीच, केरल कैथोलिक बिशप काउंसिल (केसीबीसी) ने एक परिपत्र जारी कर विश्वभर के लोगों से खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष के पीड़ितों और संघर्ष के अंत के लिए चर्च में विशेष प्रार्थना करने का आह्वान किया।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
