चाईबासा, एक मार्च (भाषा) झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में माओवादियों के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान रविवार को नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की विशेष इकाई ‘कोबरा’ के दो कर्मी घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना सारंडा के जंगल में उस समय हुई जब प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) द्वारा लगाए गए एक आईईडी में विस्फोट हो गया।
अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के बाद माओवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाकर्मियों ने भी गोलीबारी की। विस्फोट में एक सहायक कमांडेंट घायल हो गए, जबकि गोलीबारी में एक अन्य कोबरा जवान घायल हो गया। दोनों को हवाई मार्ग से रांची के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने पीटीआई-भाषा को बताया कि दोनों की हालत स्थिर है।
उन्होंने कहा कि छोटानागरा थाना क्षेत्र समेत कई इलाकों में नक्सल रोधी व्यापक अभियान शुरू किया गया है।
‘कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन’ (कोबरा) सीआरपीएफ की एक विशेष इकाई है, जो गुरिल्ला रणनीति और जंगल युद्ध में निपुण है।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पश्चिम सिंहभूम में वामपंथी उग्रवादी गतिविधियों पर काफी हद तक लगाम लगा दी है, लेकिन मिसिर बेसरा और असीम मंडल समेत कुछ वरिष्ठ नेता अब भी फरार हैं, जिन पर एक करोड़ रुपये का इनाम है।
भाषा राखी नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
