scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशपंजाब में ओबीसी समुदाय को सिर्फ चुनावों के दौरान ही याद किया जाता है: नायब सैनी

पंजाब में ओबीसी समुदाय को सिर्फ चुनावों के दौरान ही याद किया जाता है: नायब सैनी

Text Size:

चंडीगढ़, एक मार्च (भाषा) पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय को लुभाने के प्रयास में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को प्रतिद्वंद्वी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि वे इस समुदाय को केवल चुनाव के दौरान याद करते हैं और सत्ता में आते ही भूल जाते हैं।

सैनी ने गुरदासपुर जिले के दीनानगर में ‘सैनी समाज’ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि पंजाब में वर्षों से सत्ता कुछ ही परिवारों के हाथों में सिमटी रही है।

उन्होंने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पंजाब में ओबीसी को केवल चुनाव के दौरान ही याद किया जाता है तथा उन्हें नीति या बजट में कभी भी उनका उचित स्थान नहीं मिलता।

ओबीसी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सैनी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव पंजाब में सरकार बदलने का अवसर प्रदान करेंगे लेकिन जरूरत राज्य की राजनीतिक दिशा बदलने की है।

उन्होंने पंजाब की सत्ता में भाजपा को लाने के लिए जनता से अपील करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव ओबीसी समुदाय को वह सम्मान दिलाने का अवसर प्रदान करेंगे जिसके वे हकदार हैं।

सैनी ने कहा, “जैसा कि आप जानते हैं पंजाब में ओबीसी समुदाय की आबादी 31 प्रतिशत है और वे मिलकर पंजाब की राजनीति की दिशा बदल सकते हैं। अब समय आ गया है कि आप राजनीतिक नेतृत्व में अग्रणी भूमिका निभाएं।”

हरियाणा के मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब बेरोजगारी, नशाखोरी, अपराध और पलायन जैसी समस्याओं से जूझ रहा है तथा अब इन मुद्दों को सुलझाने का समय आ गया है।

उन्होंने कहा कि इस प्रयास में ‘सैनी समाज’ की अहम भूमिका है।

सैनी ने कहा, “सैनी समुदाय हमेशा से मानवीय सेवा में अग्रणी रहा है। पिछले साल पंजाब में आई बाढ़ के दौरान समुदाय के सदस्यों ने महत्वपूर्ण सहायता प्रदान की।”

मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ के रॉक गार्डन निर्माता नेक चंद सैनी का भी जिक्र किया और कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उनके द्वारा छोड़ी गई अमिट छाप को याद किया।

सैनी ने राज्य के लोगों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि विभाजन के आघात को झेलने के बाद भी पंजाबियों ने निराशा के आगे घुटने नहीं टेके और आत्मविश्वास को अपनी सबसे बड़ी ताकत बना लिया।

भाषा जितेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments