scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशपश्चिम एशिया संघर्ष : मप्र के दो पूर्व विधायक समेत 700 से अधिक यात्री यूएई में फंसे

पश्चिम एशिया संघर्ष : मप्र के दो पूर्व विधायक समेत 700 से अधिक यात्री यूएई में फंसे

Text Size:

इंदौर, एक मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण उड़ानें रद्द होने के बाद मध्यप्रदेश के दो पूर्व विधायक समेत राज्य के 700 से ज्यादा यात्री संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में फंस गए हैं। ट्रेवल एजेंटों के एक संगठन के एक पदाधिकारी ने रविवार को यह दावा किया।

ट्रेवल एजेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की मध्यप्रदेश इकाई के चेयरमैन अमोल कटारिया ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘फिलहाल प्रदेश के 700 से ज्यादा यात्री यूएई में फंसे हुए हैं। ये लोग पर्यटन और कारोबार के लिए वहां गए थे।’’

उन्होंने बताया कि पश्चिम एशिया में संघर्ष के हालात के मद्देनजर प्रदेश के कई लोगों ने दुबई और शारजाह के अपने हवाई टिकट रद्द कराते हुए आगामी दिनों में यात्रा का कार्यक्रम निरस्त कर दिया है।

दुबई में फंसे यात्रियों में इंदौर-1 क्षेत्र के पूर्व विधायक और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता संजय शुक्ला शामिल हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा, ‘‘मौजूदा अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण दुबई का हवाई अड्डा अस्थायी रूप से बंद होने से हमारी आज (रविवार) भारत वापसी संभव नहीं हो सकी है। इस दौरान दुबई के प्रशासन और भारत सरकार द्वारा हमें पूरा सहयोग प्राप्त हो रहा है। परिस्थितियां सामान्य होते ही हम शीघ्र इंदौर लौटेंगे।’’

बाद में शुक्ला ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया जिसमें उन्होंने दावा किया कि उनकी आंखों के सामने एक धमाका हुआ है।

इस वीडियो में शुक्ला से काफी दूरी पर स्थित एक इमारत से गहरा काला धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है।

पूर्व विधायक ने वीडियो में कहा, ‘यहां (दुबई) हालात बहुत खराब हो चुके हैं। आप देखिए कि अभी मेरे सामने बम गिरा है। पूरा यातायात बंद है। यहां लोगों को सचेत करते हुए कहा जा रहा है कि वे अपने कमरे में रहें।’

शुक्ला ने दुबई में फंसे हुए भारतीयों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मदद की अपील भी की और बताया कि उनका बड़ा बेटा भी उनके साथ दुबई में फंसा है।

इस बीच, शुक्ला के चिंतित परिजन ईश्वर से उनकी सुरक्षित घर वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।

उनके छोटे बेटे सागर ने इंदौर में ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘मेरे पिता तीन दिन पहले इंदौर जिले के देपालपुर क्षेत्र के पूर्व विधायक विशाल पटेल और अपने कुछ उद्योगपति दोस्तों के साथ दुबई गए थे। उन्हें आज (रविवार) इंदौर लौटना था, लेकिन उड़ान रद्द होने से वे दुबई में ही फंसे हैं।’’

उन्होंने बताया,‘‘ मेरी कुछ देर पहले पिता से फोन पर बात हुई थी। मैंने खुद इस बातचीत के दौरान वहां (दुबई) में धमाके सुने। इस गंभीर स्थिति के मद्देनजर मेरे पिता और उनके दोस्त एक सुरक्षित स्थान पर चले गए हैं।’’

पूर्व विधायक के बेटे ने उम्मीद जताई कि भारत सरकार के प्रयासों से उनके पिता और उनके दोस्तों की जल्द स्वदेश वापसी होगी।

इंदौर के लोकसभा सदस्य शंकर लालवानी ने बताया कि शहर के कई लोग यूएई में फंसे हैं और जैसे-जैसे उनके बारे में जानकारी मिल रही है, विदेश मंत्रालय को इससे अवगत कराया जा रहा है।

लालवानी ने कहा,’ जैसे ही हालात सामान्य होते हैं, यूएई से इन लोगों को वापस भारत लाने का प्रयास किया जाएगा।’’

इस बीच, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया पर रविवार सुबह जारी एक बयान में दावा किया कि दुबई और शारजाह के हवाई अड्डों पर मध्यप्रदेश के 100 से अधिक नागरिक इजराइल-ईरान युद्ध की स्थिति के कारण फंसे हुए हैं।

पटवारी ने प्रधानमंत्री मोदी से आग्रह किया कि वह तत्काल हस्तक्षेप करें और यूएई में फंसे सभी भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनकी शीघ्र स्वदेश वापसी की व्यवस्था कराएं।

भाषा

हर्ष रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments