scorecardresearch
Saturday, 28 February, 2026
होमदेशदिल्ली: ‘एक्सपायरी डेट’ बदलकर खाद्य पदार्थ बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक व्यक्ति गिरफ्तार

दिल्ली: ‘एक्सपायरी डेट’ बदलकर खाद्य पदार्थ बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, एक व्यक्ति गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शनिवार को एक गिरोह का भंडाफोड़ किया और एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया जो कथित तौर पर उपभोग/उपयोग की निर्धारित अवधि (एक्सपायरी डेट) समाप्त हो चुके खाद्य और सौंदर्य प्रसाधन उत्पादों में छेड़छाड़ कर एवं उन्हें ताजा बताकर खुले बाजार में बेच रहा था। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गाजियाबाद निवासी ओमप्रकाश शर्मा पर आरोप है कि वह गैरकानूनी तरीके से ऐसा केंद्र चला रहा था, जहां उपभोग/उपयोग की निर्धारित तिथि समाप्त हो चुके उत्पादों में छेड़छाड़ करके फिर से बाजार में बेचने लायक बनाया जाता था।

एक गोपनीय सूचना के आधार पर टीम ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली के जगतपुर इलाका स्थित एक गोदाम पर छापा मारा।

अपराध शाखा के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘तलाशी के दौरान पुलिस को परिसर में बड़ी मात्रा में ‘एक्सपायरी डेट’ समाप्त हो चुके खाद्य पदार्थ और कॉस्मेटिक उत्पाद मिले।’

अधिकारी ने बताया कि आरोपी पहले से अंकित एक्सपायरी डेट और बैच नंबर को हटाकर या रासायनिक रूप से मिटाकर नयी विनिर्माण और एक्सपायरी डेट अंकित करता था और माल को असली बताकर बेच रहा था।

पुलिस के अनुसार, जब्त की गई वस्तुओं में शुगर-फ्री पाउडर, हाइड्रेशन पाउडर, बॉडी लोशन, गुलाब जल, फेस वॉश, तेल, मच्छर भगाने वाला स्प्रे, जैतून का तेल, च्यवनप्राश और एंटीसेप्टिक शामिल थे।

अपराध शाखा थाने में मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ जारी है।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments