दुबई, 28 फरवरी (भाषा) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने शनिवार को कहा कि ईरान पर अमेरिका के हमलों के मद्देनजर भारत और श्रीलंका में आयोजित टी20 विश्व कप से लौट रहे खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए वैकल्पिक उड़ान योजनाओं पर काम किया जा रहा है।
सात फरवरी को शुरू हुआ 20 टीमों का यह टी20 टूर्नामेंट आठ मार्च को समाप्त होगा। इसमें सह-मेजबान भारत समेत छह टीमें अभी भी खिताबी दौड़ में बनी हुई हैं।
आईसीसी के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ‘‘ इस टूर्नामेंट से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा आईसीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हमने अपनी यात्रा, लॉजिस्टिक्स और सुरक्षा टीमों को पहले ही सक्रिय कर दिया है और यह सुनिश्चित करने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं कि सभी हितधारक कम परेशानी के साथ सुरक्षित रूप से घर लौट सकें।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2026 के लिए यात्रा करने वाले प्रशंसकों से भी आग्रह करते हैं कि वे निर्देशों पर बारीकी से नजर रखें और उनका पालन करें तथा आगे की किसी भी अंतरराष्ट्रीय यात्रा से पहले सभी पहलुओं पर विचार करें।’’
आईसीसी ने स्वीकार किया कि खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन, मैच अधिकारियों, प्रसारण टीमों और आयोजन कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में कर्मी खाड़ी देशों के प्रमुख हवाई अड्डों, विशेष रूप से दुबई पर निर्भर हैं। इस आयोजन में अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के बाद अपने गृह देशों की यात्रा के लिए दुबई अहम पड़ाव हैं।
आईसीसी ने इन कारकों को ध्यान में रखते हुए कहा कि उसकी ‘यात्रा और लॉजिस्टिक्स’ टीम प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों के साथ सक्रिय रूप से काम कर रही है ताकि यूरोपीय, दक्षिण एशियाई और दक्षिण-पूर्व एशियाई प्रमुख हवाई अड्डों के माध्यम से कनेक्शन सहित वैकल्पिक मार्गों की पहचान और उन्हें सुरक्षित किया जा सके।
आईसीसी ने कहा कि वह इस स्थिति पर नवीनतम जानकारी साझा करता रहेगा और वह टी20 विश्व कप 2026 के सुचारू और सुरक्षित समापन के लिए प्रतिबद्ध है।
अमेरिका और इजराइल ने शनिवार को ईरान पर एक बड़ा हमला शुरू किया, जिसमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान की जनता से 1979 से देश पर शासन कर रहे इस्लामी नेतृत्व को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
