scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशमांस निर्यात कारोबार में 1.37 करोड़ रुपये की निवेश धोखाधड़ी के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

मांस निर्यात कारोबार में 1.37 करोड़ रुपये की निवेश धोखाधड़ी के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार

Text Size:

नयी दिल्ली, 28 फरवरी (भाषा) मांस निर्यात व्यवसाय में निवेश के नाम पर एक व्यवसायी से लगभग 1.37 करोड़ रुपये की ठगी करने के आरोप में 36 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

आरोपी मोहसिन मोहम्मद को दिल्ली के न्यू राजेंद्र नगर से पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में अर्जुन अरोड़ा द्वारा एक शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें उसने आरोप लगाया कि मोहम्मद ने खुद को दुबई में व्यावसायिक संबंधों वाला, बड़े पैमाने का मांस निर्यातक बताकर उसे भारी राशि निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

अधिकारी ने कहा, “आरोपी ने उसे अपने सहयोगियों के साथ मिलकर एक अत्यंत लाभकारी निर्यात कारोबार चलाने का झांसा दिया और निवेश करने पर उच्च मुनाफा मिलने की बात की।”

उन्होंने कहा कि मोहम्मद ने शिकायतकर्ता के पिता के खाते से बैंक अंतरण के माध्यम से बेईमानी से 67.70 लाख रुपये प्राप्त किए।

आरोपी ने कथित व्यापार विस्तार के हिस्से के रूप में शिकायतकर्ता को अपने सहयोगियों के माध्यम से दुबई में 80,000 अमेरिकी डॉलर की व्यवस्था करने के लिए भी राजी किया।

अधिकारी ने कहा, “शिकायतकर्ता का विश्वास हासिल करने और कानूनी कार्रवाई में देरी करने के लिए आरोपी ने कथित तौर पर दो निजी बैंकों के चेक जारी किए, जबकि वह जानता था कि पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं था।’

इस संबंध में मिली एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक टीम ने 20 फरवरी को न्यू राजेंद्र नगर से मोहम्मद को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने बताया कि मोहम्मद ने इसी तरह के तौर-तरीकों का इस्तेमाल कर अन्य पीड़ितों से भी ठगी की थी। वह अपराध करने के बाद से फरार था और जांच में शामिल होने से बच रहा था।

पुलिस ने बताया कि पहले 2021 में मोहम्मद आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में दर्ज एक मामले में शामिल था। अन्य सह-आरोपियों का पता लगाने और ठगी गई रकम बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा प्रचेता प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments