scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशजयपुर में एनएसयूआई के पदाधिकारी से मारपीट का मामला सामने आया

जयपुर में एनएसयूआई के पदाधिकारी से मारपीट का मामला सामने आया

Text Size:

जयपुर, 27 फरवरी (भाषा) जयपुर में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के एक पदाधिकारी से कथित मारपीट के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पदाधिकारी ने आरोप लगाया है कि बृहस्पतिवार को राजस्थान विधानसभा के नजदीक विधायक आवास परिसर में एक विधायक के समर्थकों ने उन पर हमला किया और उन्हें धमकाया।

एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव अनिल सारण की शिकायत के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब वह एक कांग्रेस नेता से मिलने गए थे।

पुलिस ने बताया कि इस मामले के संबंध में ज्योति नगर थाने में बृहस्पतिवार रात प्राथमिकी दर्ज की गई।

सारण ने प्राथमिकी में आरोप लगाया कि जब वह विधायक के आवास पर थे तो उन्हें एक आदमी का फोन आया जिसने खुद को खींवसर से विधायक रेवंत राम डांगा का सोशल मीडिया प्रभारी बताते हुए उन्हें आवास के नीचे आने के लिए कहा लेकिन जब वह मौके पर पहुंचे तो वहां आठ-10 लोग थे।

सारण ने आरोप लगाया कि इन लोगों ने उनसे अपशब्द कहे, हाथापाई की और उन्हें धमकाया।

पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सारण के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी की निंदा की।

उन्होंने कहा, ‘‘जयपुर में विधायक आवास परिसर में भाजपा विधायकों के समर्थकों द्वारा एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव अनिल सारण के साथ मारपीट तथा दुर्व्यवहार किए जाने की मैं भर्त्सना करता हूं।’’

उन्होंने कहा कि विधायक आवास परिसर में ही यदि इस प्रकार की हरकतें की जाएंगी तो अपनी समस्याएं लेकर विधायकों से मिलने आने वाले आमजन खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर पाएंगे?

गहलोत ने कहा कि सरकार को अविलंब इस ओर ध्यान देना चाहिए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

भाषा पृथ्वी सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments