scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशआगरा में एसटीएफ, पुलिस के साथ मुठभेड़ में 50,000 रुपये का इनामी बदमाश मारा गया

आगरा में एसटीएफ, पुलिस के साथ मुठभेड़ में 50,000 रुपये का इनामी बदमाश मारा गया

Text Size:

लखनऊ, 27 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की नोएडा इकाई और आगरा पुलिस की साझा टीम के साथ आगरा जिले के एकता थाना क्षेत्र में एक मुठभेड़ के दौरान 50,000 रुपये का इनामी बदमाश मारा गया। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार रात यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बदमाश मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गया था जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन आगरा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश ने आरोपी की मौत की पुष्टि की।

उन्होंने बताया कि बदमाश की पहचान पवन उर्फ कल्लू (निवासी सिरौली थाना लोनी, गाजियाबाद) के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि पवन रंगदारी के मामले में वांछित था और उस पर 50 हज़ार रुपये का इनाम घोषित था।

यश ने बताया कि पवन प्रशासन द्वारा चिह्नित कुख्यात रणदीप भाटी-अमित कसाना गैंग का शूटर था और उस पर हत्या के चार और रंगदारी के दो मुकदमों सहित कुल 18 से अधिक मामले दर्ज थे।

उन्होंने बताया कि 2021 में हत्या के मामले में भी उस पर एक लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था, जिसमें वह जेल गया था।

पुलिस के अनुसार, उसके पास से बड़ी संख्या में कारतूस और असलहे बरामद हुए।

पुलिस ने बताया कि जेल में रहने के दौरान पवन हरियाणा के कुख्यात हिमांशु भाऊ गिरोह के संपर्क में आया और उसने 2025 में जेल से छूटते ही बड़े पैमाने पर रंगदारी वसूलना शुरू कर दिया।

एडीजी ने बयान में कहा कि मुठभेड़ के दौरान मौके से 9 एमएम की पिस्तौल बरामद हुई जो 2016 में थाना बिसरख (गौतम बुद्ध नगर) में एक सिपाही मोनू धीमान से लूटी गई थी। इस मामले में बिसरख थाने में प्राथमिकी दर्ज है।

भाषा आनन्द सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments