scorecardresearch
Sunday, 29 March, 2026
होमदेशओडिशा ने शीर्ष माओवादियों को पकड़ने के लिए कंधमाल के जंगलों में अभियान शुरू किया

ओडिशा ने शीर्ष माओवादियों को पकड़ने के लिए कंधमाल के जंगलों में अभियान शुरू किया

Text Size:

भुवनेश्वर, 27 फरवरी (भाषा) ओडिशा के कंधमाल जिले के जंगलों में माओवाद को खत्म करने के लिए सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया है। यह जानकारी शुक्रवार को पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया ने दी।

डीजीपी ने राज्य के शीर्ष माओवादी सुक्रू समेत अन्य माओवादियों को आत्मसमर्पण करने का अल्टीमेटम जारी किया। इन माओवादियों के जंगल में छुपे होने का संदेह है।

खुरानिया ने कहा, “शेष माओवादियों के पास अब दो विकल्प हैं: राज्य सरकार के समक्ष आत्मसमर्पण और पुनर्वास योजना को स्वीकार करें या परिणाम भुगतें। सुरक्षा बलों ने कंधमाल जिले के दारिंगबाड़ी और रायकिया थाना क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले जंगलों में अभियान शुरू कर दिया है।”

उन्होंने बताया कि सुक्रू को गिरफ्तार करने के उद्देश्य से अभियान तेज किया गया है। सुक्रू पर आरोप है कि उसने अपने ही एक साथी अन्वेश की हत्या कर दी, क्योंकि अन्वेश अपने 12 साथियों के साथ आत्मसमर्पण करना चाहता था।

मलकानगिरी जिले के चित्रकोंडा इलाके का रहने वाला 46 वर्षीय सुक्रू हाल ही में अपने वरिष्ठों के सफाए के बाद राज्य का शीर्ष माओवादी बन गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार सुक्रू को ओडिशा में वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) के उन्मूलन में एक प्रमुख बाधा माना जाता है। उन्होंने बताया कि सरकार ने उस पर 55 लाख रुपये का इनाम घोषित किया है।

राज्य सरकार ने बृहस्पतिवार को नक्सल-रोधी अभियान की शुरुआत की जिसमें ओडिशा पुलिस, जिला स्वयंसेवी बल, सीमा सुरक्षा बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान शामिल हैं।

हाल ही में आत्मसमर्पण कर चुकी महिला माओवादी चंपा ने कहा, ‘सुक्रू उन कैडर सदस्यों को प्रताड़ित करता था जो जंगल के जीवन से तंग आकर घर लौटना और सामान्य जीवन जीना चाहते थे।’

भाषा राखी अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments