scorecardresearch
Friday, 27 February, 2026
होमखेलआगा के परिवार को प्रशंसकों द्वारा निशाना बनाना शर्मनाक था: मिर्जा

आगा के परिवार को प्रशंसकों द्वारा निशाना बनाना शर्मनाक था: मिर्जा

Text Size:

पाल्लेकल, 27 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सलमान मिर्जा ने शुक्रवार को कहा कि मौजूदा टी20 विश्व कप में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद प्रशंसकों द्वारा कप्तान सलमान अली आगा के परिवार को निशाना बनाना बेहद “शर्मनाक” है।

आगा बल्ले से जूझते रहे हैं और छह मैचों में महज 60 रन ही बना सके हैं, जबकि उनकी नेतृत्व क्षमता को लेकर भी आलोचना तेज हो गई है।

मिर्जा ने हालांकि अपने कप्तान का बचाव किया।

उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान के सुपर आठ चरण के अहम मैच से पहले कहा, ‘‘खिलाड़ी के परिवार को निशाना बनाने वाला कोई भी कृत्य बेहद शर्मनाक है। हर खिलाड़ी मैदान पर अच्छा प्रदर्शन करना चाहता है। अगर किसी दिन वह अच्छा नहीं कर पाता, तो इसका मतलब यह नहीं कि उसके परिवार को निशाना बनाया जाए। ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए।”

पाकिस्तान को शनिवार को पहले ही खिताबी दौड़ से बाहर हो चुकी श्रीलंका पर बड़ी जीत दर्ज करनी होगी और साथ ही इंग्लैंड से अनुकूल परिणाम की उम्मीद करनी होगी, तभी उसकी सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जिंदा रह सकती हैं। इंग्लैंड के खिलाफ अगर न्यूजीलैंड जीता तो पाकिस्तान की टीम शुक्रवार को ही टूर्नामेंट से बाहर हो जायेगी।

मिर्जा ने हालांकि सकारात्मक रुख अपनाते हुए कहा कि टीम फिलहाल अपने नियंत्रण की चीजों पर ही ध्यान दे रही है।

उन्होंने कहा, “ पाकिस्तान के पास इतनी क्षमता है कि वह न सिर्फ सेमीफाइनल में पहुंचे बल्कि शानदार प्रदर्शन भी करे। लेकिन जैसा आपने कहा, अब स्थिति नाजुक है और वह हमारे नियंत्रण में नहीं है। हम सिर्फ अपने मैच पर ध्यान दे रहे हैं और उम्मीद है कि उसमें अच्छा करेंगे।”

इस बीच, श्रीलंका के गेंदबाजी कोच रेने फर्डिनांड्स ने कहा कि टूर्नामेंट की शुरुआत में हरफनमौला वानिंदु हसरंगा का चोटिल होकर बाहर होना सह-मेजबान टीम के लिए बड़ा झटका था।

हसरंगा को आठ फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में 25 रन पर तीन विकेट के शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद बाएं मांसपेशियों में खिंचाव के कारण टी20 विश्व कप के शेष मुकाबलों से बाहर होना पड़ा।

फर्डिनांड्स ने पाकिस्तान के खिलाफ टीम के लिए औपचारिकता भर रह गए मैच से पहले कहा, “अगर हसरंगा जैसा विश्व स्तरीय खिलाड़ी बाहर हो जाए, तो किसी भी टीम के लिए संतुलन बनाए रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। हम भी उसी स्थिति में हैं। हमने अपनी ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया है और हमारे पास अच्छे विकल्प हैं, लेकिन चुनौती तो रहती ही है।”

श्रीलंका का अभियान समाप्त हो चुका हो, लेकिन फर्डिनांड्स ने कहा कि टीम टूर्नामेंट का अंत सकारात्मक तरीके से करना चाहेगी।

उन्होंने कहा, “हर मैच की तरह हम इसे जीतने की कोशिश करेंगे। हमें पता है कि पाकिस्तान मजबूत टीम है और हम उनका सम्मान करते हैं, लेकिन हमारा लक्ष्य जीत ही है। ’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments