शाहजहांपुर (उप्र), 27 फरवरी (भाषा) शाहजहांपुर जिले में निकाले जाने वाले ‘लाट साहब’ के जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने 3500 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की है।
पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि इसके साथ ही इस बार जुलूस मार्ग पर बनी इमारतों पर भी पुलिस बल तैनात रहेगा।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेश द्विवेदी ने शुक्रवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि लाट साहब के जुलूस को सकुशल संपन्न करने के लिए प्रशासन ने लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इस बार बड़े तथा छोटे लाट साहब के जुलूस में मार्ग पर पड़ने वाले भवन तथा इमारतों पर सशस्त्र पुलिस बल के जवान तैनात रहेंगे जो जुलूस पर नजर रखेंगे।
उन्होंने बताया की नगर में 3500 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। इसके अलावा 500 लोगों को रेड कार्ड जारी किए गए हैं। रेड कार्ड धारक को अपने घर से निकलने की मनाही है। अगर इसके बाद भी वह घर से निकलता है तो उस पर सीधे और बड़ी कार्रवाई की जाएगी।
द्विवेदी ने बताया कि 25 ऐसे अपराधियों को चिह्नित किया गया है जिन्हें होली से पहले ही जिला बदर कर दिया जाएगा।
इसके साथ ही 1000 ऐसे लोगों को भी चिह्नित किया गया है जिनके खिलाफ वारंट पुलिस के पास होगा और उन्हें आवश्यकता पड़ने पर तत्काल गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पहले थाना पुलिस तथा बाद में प्रशासन तथा पुलिस के अधिकारियों द्वारा थाना तथा मोहल्ले में शांति समिति की बैठक लगातार की जा रही है।
अपर पुलिस महानिदेशक ने भी इस संबंध में नागरिकों तथा सभी धर्म के लोगों के साथ दो दिन पूर्व बैठक की थी।
द्विवेदी ने कहा कि हम लगातार लोगों से होली का एक पर्व शांति एवं सद्भाव के साथ मनाने की अपील कर रहे हैं। इसके बाद भी अगर कोई उपद्रव करता है तो हमारी पुलिस ऐसे लोगों से सख्ती से निपटेगी तथा उन पर हम कड़ी कार्रवाई करेंगे।
भाषा सं आनन्द संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
