scorecardresearch
Friday, 27 February, 2026
होमदेशझारखंड: रांची में जंगली हाथी घुसा, स्थानीय लोगों में दहशत

झारखंड: रांची में जंगली हाथी घुसा, स्थानीय लोगों में दहशत

Text Size:

रांची, 27 फरवरी (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची में शुक्रवार सुबह एक जंगली हाथी घुस आया जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। एक वन अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि हाथी हवाई नगर इलाके में घूम रहा था और रांची से जानवर को भगाने के लिए वन विभाग की एक टीम तैनात की गई है।

रांची के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) श्रीकांत वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हाथी संभवत: अपने मार्ग से भटक गया और रांची में प्रवेश कर गया। चूंकि बच्चों के स्कूल का समय है, इसलिए हम सभी सुरक्षा उपायों का पालन कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि हाथी अक्सर हलहू वन क्षेत्र से धुर्वा बांध तक आते हैं।

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि हाथी को सुबह करीब पांच बजे राष्ट्रीय उन्नत विनिर्माण प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईएएमटी) के पास देखा गया था।

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल में राज्य में मानव-हाथी संघर्षों के कारण होने वाली मौत की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त की थी और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए एक तंत्र विकसित करने का निर्देश दिया था कि हाथियों के हमलों के कारण किसी भी मनुष्य की मृत्यु न हो।

उन्होंने कहा था कि पिछले कुछ महीनों में रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, चाईबासा, जमशेदपुर, लोहरदगा, गुमला और दुमका सहित कई जिलों में हाथियों के हमलों के कारण लगभग 27 लोगों की मौत हो गई, जो ‘‘गंभीर चिंता का विषय’’ है।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments