scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशमप्र: ‘ट्रेंचिंग ग्राउंड’ में गोवंश के शवों के अवशेष खुले में पड़े मिले,स्वास्थ्य अधिकारी निलंबित

मप्र: ‘ट्रेंचिंग ग्राउंड’ में गोवंश के शवों के अवशेष खुले में पड़े मिले,स्वास्थ्य अधिकारी निलंबित

Text Size:

देवास/इंदौर, 26 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश में देवास के ‘ट्रेंचिंग ग्राउंड’ में गोवंश के शवों के अवशेष खुले में पड़े होने के मामले के तूल पकड़ने के बाद नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी को बृहस्पतिवार को निलंबित कर दिया गया और अन्य कर्मचारियों से जवाब तलब किया गया। निगम के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया जिसमें ‘ट्रेंचिंग ग्राउंड’ पर गोवंश के कई शवों के अवशेष खुले में पड़े दिखाई दे रहे हैं।

निगम आयुक्त दलीप कुमार ने संवाददाताओं से कहा कि यह घटना कतई स्वीकार करने योग्य नहीं है और इसकी जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘गोवंश के शवों के निस्तारण के लिए गो-समाधि (गायों के शवों को वैज्ञानिक तरीके से दफन किया जाना) बनाए जाने के निर्देश दिए गए थे। निर्देशों के बावजूद ऐसा नहीं किया जा रहा था इसलिए हमने स्वास्थ्य अधिकारी को निलंबित कर दिया है।’’

निगम आयुक्त ने बताया कि निगम के दो कर्मचारियों को नोटिस जारी कर उनसे जवाब तलब किया गया है कि उनका वेतन क्यों न काटा जाए?

उन्होंने बताया कि ‘ट्रेंचिंग ग्राउंड’ प्रभारी को भी नोटिस जारी किया गया है और उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

कुमार ने बताया कि घटना की जांच के बाद आगामी कदम उठाए जाएंगे।

‘ट्रेंचिंग ग्राउंड’ पर ‘‘मवेशियों की हड्डियों का भंडार देखे जाने के मामले’’ को लेकर निगम आयुक्त ने कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

इस बीच, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस घटना को लेकर शहर में विरोध प्रदर्शन किया और सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा। प्रदर्शनकारियों ने अपने हाथों में गाय की तस्वीर वाला बैनर थाम रखा था जिस पर छपा था-‘‘मुझे भाजपा से कोई बचाओ।’’

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता गायों को चारा खिलाते भी देखे गए।

भाषा हर्ष सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments