नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) द्वारा ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में ‘‘कमीज उतारकर किए गए विरोध’’ को लेकर उठे विवाद के बीच, पुलिस ने बुधवार को आईवाईसी की दिल्ली इकाई को 26 फरवरी को जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने बेहद कम समय पहले सूचना देने और मौजूदा कानून व्यवस्था संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए धरने की अनुमति देने से मना कर दिया।
आईवाईसी की दिल्ली इकाई ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में 20 फरवरी के विरोध प्रदर्शन में भाग लेने वाले युवा कांग्रेस सदस्यों पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में बृहस्पतिवार को धरना प्रदर्शन का आह्वान किया था।
एक अधिकारी ने बताया कि 25 फरवरी को भेजे गए एक पत्र में पुलिस ने युवा कांग्रेस को सूचित किया कि 26 फरवरी को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक विरोध प्रदर्शन या धरना आयोजित करने का अनुरोध अस्वीकार कर दिया गया है।
पत्र में कहा गया है कि 24 फरवरी को प्राप्त आवेदन ‘‘बेहद कम समय’’ में प्रस्तुत किया गया और यह मौजूदा दिशानिर्देशों के अनुरूप नहीं था, जिनके अनुसार विरोध प्रदर्शन के लिए अनुरोध प्रस्तावित तिथि से कम से कम 10 दिन पहले किया जाना अनिवार्य है।
पत्र में लिखा है, ‘‘आपको सूचित किया जाता है कि जंतर-मंतर पर विरोध/धरना आयोजित करने का आपका अनुरोध इस कार्यालय में अल्पावधि में प्राप्त हुआ है, जो मौजूदा दिशानिर्देशों के अनुरूप नहीं है।’’
धरना-प्रदर्शन की अनुमति न मिलने के संबंध में युवा कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
