scorecardresearch
Sunday, 8 March, 2026
होमविदेशमोदी सरकार ने ‘नफरत का माहौल’ पैदा किया, जिससे नमाज पढ़ने वालों को निशाना बनाया जा रहा है: कांग्रेस

मोदी सरकार ने ‘नफरत का माहौल’ पैदा किया, जिससे नमाज पढ़ने वालों को निशाना बनाया जा रहा है: कांग्रेस

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने बुधवार को उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक मंदिर के सामने खाली जमीन पर नमाज़ पढ़ने के बाद एक मुस्लिम व्यक्ति के साथ कथित मारपीट की घटना की निंदा की और आरोप लगाया कि नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा पैदा किए गए नफरत के माहौल के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।

पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग मुस्लिम व्यक्ति को रुद्रपुर में एक मंदिर के सामने खाली जमीन पर नमाज़ पढ़ने के बाद कथित रूप से पीटा गया और उससे जबरन धार्मिक नारे लगवाए गए।

इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कांग्रेस महासचिव सैयद नासिर हुसैन ने कहा, ‘‘रुद्रपुर, उत्तराखंड में एक दिहाड़ी मजदूर शाहिद को खुले मैदान में नमाज पढ़ते समय कथित रूप से पीटा गया। उसे जमीन पर गिराया गया, गालियां दी गईं, डंडे से मारा गया और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाने के लिए मजबूर किया गया।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘यह घटना कोई अलग-थलग घटना नहीं है, बल्कि भाजपा-आरएसएस के तंत्र द्वारा प्रचारित घृणित और विभाजनकारी विचारधारा का सीधा परिणाम है, जिसने ऐसा माहौल बनाया है, जहां अल्पसंख्यकों को सार्वजनिक स्थानों पर निशाना बनाया जा रहा है। इस तरह की धमकी संविधान द्वारा प्रदत्त धार्मिक स्वतंत्रता, कानून के समक्ष समानता और भारत की बहुलतावादी, लोकतांत्रिक गणराज्य की अवधारणा पर गंभीर हमला है।’’

कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने संवाददाताओं से कहा, “हम इस निंदनीय कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं और उत्तराखंड की भाजपा सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।’’

भाषा हक सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments