नोएडा, 25 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक कारोबारी की दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले में वांछित मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तलाशी के दौरान उसके दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी की पहचान लुक्सर गांव निवासी मोनू के रूप में हुई है। उस पर आरोप है कि वह मंगलवार को थाना ईकोटेक-प्रथम क्षेत्र के लुक्सर गांव में 28 वर्षीय कारोबारी नितिन नागर की उसकी पत्नी और बच्चों के सामने हुई हत्या में शामिल था। पुलिस के मुताबिक यह वारदात पुरानी रंजिश का परिणाम है।
अपर पुलिस उपायुक्त (ग्रेटर नोएडा) सुधीर कुमार ने बताया कि हत्या के आरोपियों को पकड़ने के लिए गठित टीम को मंगलवार देर रात सूचना मिली थी कि आरोपी पुआरी गांव में छिपा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, तो आरोपी ने भागने की नीयत से पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में मोनू के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चला कर दो अन्य साथियों, राजेश (निवासी घघोला) और नितिन (निवासी लुक्सर) को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस हत्या के तार 17 अगस्त 2024 को हुए विनय सिंह हत्याकांड से जुड़े हैं। पुलिस के अनुसार, उस समय जांच में सामने आया था कि मृतक नितिन नागर ने ही फोन कर ठेकेदार विनय को बुलाया था और अपने साथियों शेखर, आकाश, जागन व सुंदर के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी थी।
अधिकारी ने बताया कि विनय सिंह हत्याकांड में थाना कासना पुलिस ने 19 अगस्त 2024 को मुठभेड़ के बाद सुंदर नागर को गिरफ्तार किया था, जबकि 21 अगस्त 2024 को दिल्ली पुलिस ने नितिन नागर, शेखर और आकाश को पकड़ा था।
पूछताछ के दौरान नितिन ने कबूल किया था कि विनय ठेकेदार उसका बचपन का दोस्त था और उसने ही विनय की हत्या की साजिश रची थी।
इस मामले में गिरफ्तार नितिन नागर रक्षाबंधन के अवसर पर जमानत पर जेल से बाहर आया था।
मृतक के परिजनों का दावा है कि जेल से बाहर आने के बाद से ही नितिन को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं और आरोपियों ने उस पर दो बार हमले का प्रयास भी किया था।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को जब नितिन गांव में अपने एक दोस्त के पास से लौट रहा था, तभी उस पर गोलियां चलाई गईं। वारदात के समय मौके पर मौजूद नितिन की पत्नी और बच्चे उसे बचाने के लिए आगे आए तो बदमाशों ने हवा में पिस्तौल लहराते हुए उन्हें भी धमकी दी।
इसके बाद घायल नितिन को तत्काल उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार एक आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए स्वयं पर धारदार हथियार से हमला कर खुद को घायल कर लिया था। उसका ग्रेटर नोएडा के एक अस्पताल में उपचार जारी है।
इस बीच, घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर आया है।
भाषा सं प्रचेता मनीषा
मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
