भुवनेश्वर, 24 फरवरी (भाषा) ओडिशा के वन मंत्री गणेश राम सिंहखुंटिया ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य में 800 से अधिक जानवरों का अवैध शिकार किया गया।
भाजपा विधायक संजली मुर्मू के एक प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने कहा कि ओडिशा में 2020-21 एवं 2024-25 के बीच 2,836 हाथी, बाघ और अन्य जंगली जानवरों की मौत हुई, जिनमें से 808 का शिकार किया गया।
बयान के अनुसार, हालांकि, वन एवं पर्यावरण विभाग को पिछले पांच वर्षों में दर्ज की गई 671 जंगली जानवरों की मौत के कारणों का पता नहीं है।
अपने उत्तर में मंत्री ने सदन को यह भी सूचित किया कि पिछले पांच वर्षों में कुल 15,731.41 हेक्टेयर वन भूमि को गैर-वन संबंधी कार्यों के लिए आवंटित किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके बदले में कुल 22,194.49 हेक्टेयर भूमि की पहचान कर उसे वन विभाग को क्षतिपूर्ति वृक्षारोपण के लिए सौंप दिया गया है।
सिंहखुंटिया ने बताया कि अब तक 11,044.86 हेक्टेयर भूमि पर 141.61 करोड़ रुपये की लागत से क्षतिपूर्ति वृक्षारोपण किया जा चुका है।
भाषा राजकुमार सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
