गुवाहाटी, 24 फरवरी (भाषा) भारतीय सेना ने पूर्वी हिमालय की तलहटी में एक सैन्य साहसिक प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें सात अन्य देशों ने भाग लिया। रक्षा प्रवक्ता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अंतरराष्ट्रीय मिलिट्री एडवेंचर चैलेंज कप (आईएमएसीसी) 2026 में 12 टीम ने भागीदारी की। इसमें भूटान, ब्राज़ील, कज़ाकिस्तान, किर्गिस्तान, नेपाल, सऊदी अरब और श्रीलंका की एक-एक टीम शामिल थी।
इस प्रतियोगिता में भारतीय थल सेना की दो टीम और भारतीय वायुसेना, भारतीय तटरक्षक और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की एक-एक टीम ने भी भाग लिया।
रक्षा विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, आईएमएसीसी 2026 की मुख्य प्रतिस्पर्धा 18 से 23 फरवरी तक आयोजित हुई। समापन समारोह बुधवार को होगा और उसी दिन विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘आईएमएसीसी 2026 को एक जवान के आवश्यक गुणों, जैसे शारीरिक फिटनेस, मानसिक दृढ़ता, टीम वर्क, नेतृत्व और दबाव में निर्णय लेने की क्षमता का परीक्षण करने के लिए डिज़ाइन किया गया। इसमें कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में भूभाग-आधारित चुनौतियां शामिल थीं, जो अभियानों के दौरान सैनिकों द्वारा सामना की जाने वाली वास्तविकताओं को सटीक रूप से दर्शाती हैं।’
प्रवक्ता ने इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय सैन्य खेल परिषद (सीआईएसएम) के तत्वावधान में अंतरराष्ट्रीय सैन्य खेलों ने विश्व भर की सशस्त्र सेनाओं के बीच विश्वास और सहयोग बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि भारत इस वैश्विक परंपरा में सक्रिय भागीदार रहा है और इससे पहले 2007 में चौथे सीआईएसएम सैन्य विश्व खेलों की मेजबानी कर चुका है, जो विश्व के सबसे बड़े सैन्य खेल आयोजनों में से एक है। उन्होंने कहा कि आईएमएसीसी की शुरुआत इस परंपरा में एक नया और अनूठा कदम है।
भाषा आशीष सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
