नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को श्रीनगर हवाई अड्डे पर 1,677 करोड़ रुपये की लागत से ‘सिविल एन्क्लेव’ बनाने को मंजूरी दे दी है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सिविल एन्क्लेव परियोजना 73.18 एकड़ में फैली होगी और नया टर्मिनल भवन 71,500 वर्ग मीटर में बनेगा।
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाता सम्मेलन में परियोजना के लिए मंजूरी की घोषणा की।
इस परियोजना की अनुमानित लागत 1,677 करोड़ रुपये है। नई टर्मिनल इमारत को इस तरह डिज़ाइन किया जाएगा कि यह व्यस्त समय में 2,900 यात्रियों को संभाल सके और इसकी वार्षिक क्षमता एक करोड़ यात्रियों की होगी।
सरकार ने यह भी कहा कि इस परियोजना से रोजगार के अवसर पैदा होने और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
भाषा योगेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
