scorecardresearch
Tuesday, 24 February, 2026
होमदेशउप्र : गाजियाबाद में खेत के पास मृत पाए गए 10 मोर

उप्र : गाजियाबाद में खेत के पास मृत पाए गए 10 मोर

Text Size:

गाजियाबाद, 23 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के ट्रोनिका सिटी पुलिस थाना क्षेत्र के पचायारा गांव में सोमवार को मूली के खेत के पास 10 मोर मृत पाए गए जबकि एक मोर बेहोश अवस्था में मिला। यह स्थान यमुना नदी के किनारे स्थित है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

यह घटना तब सामने आई जब एक स्थानीय किसान अपनी गेहूं की फसल की जांच कर रहा था और उसने गिरे हुए मोरों को देखा और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने वन विभाग को सूचित किया, जो पशु चिकित्सकों के साथ घटनास्थल पर पहुंचा।

वन विभाग की उप-मंडल अधिकारी (एसडीओ) सलोनी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘मिले 11 मोरों में से 10 की पहले ही मौत हो चुकी थी। एक मोर जीवित पाया गया, जिसे प्राथमिक चिकित्सा देने के बाद आगे के विशेष उपचार के लिए ले जाया गया।’

उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि मोरों ने कीटनाशक जैसे अपचनीय या जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा अथवा दूषित पानी पिया होगा।

एसडीओ सलोनी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि मौत के सही कारण का पता लगाया जा सके।

प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) ईशा सिंह ने बताया कि टीम के साथ आए फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने प्रयोगशाला परीक्षण के लिए आसपास के इलाके से मिट्टी और पानी के नमूने एकत्र किए हैं। गौरतलब है कि पक्षियों के शरीर पर कोई बाहरी चोट नहीं पाई गई।

इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है, जो इन मौतों के लिए औद्योगिक लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पड़ोसी बागपत जिले के उद्योगों से निकलने वाला जहरीला अपशिष्ट स्थानीय नालों और यमुना नदी में बहाया जा रहा है।

भाषा

सं, आनन्द रवि कांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments