लाहौर, 23 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) के अंतरिम अध्यक्ष ने राष्ट्रीय टीम के चयनकर्ताओं और कोचिंग स्टाफ को बर्खास्त करके एक नई समिति गठित की है।
एफआईएच प्रो लीग के लिए पुरुषों की टीम के हाल के ऑस्ट्रेलिया दौरे से जुड़े विवाद ने पीएचएफ के कुप्रबंधन को उजागर किया था।
पाकिस्तान की राष्ट्रीय टीम को कैनबरा पहुंचने पर होटल में प्रवेश करने से रोक दिया गया क्योंकि बकाया बिलों का भुगतान नहीं होने के कारण उनकी बुकिंग रद्द कर दी गई थी। खिलाड़ियों को अपने सामान के साथ घंटों तक सड़कों पर भटकना पड़ा था।
सरकार के सचिव मुहयदीन वानी ने समिति के गठन को मंजूरी दे दी है, जिसकी अध्यक्षता दो पूर्व हॉकी खिलाड़ी इस्लाहुद्दीन सिद्दीकी और हसन सरदार करेंगे।
पीएचएफ के एक प्रवक्ता ने कहा कि समिति का गठन पाकिस्तान हॉकी प्रशासन और खेल में सुधार लाने के लिए किया गया है।
ये दोनों ओलंपियन राष्ट्रीय टीम के चयन और विशेष अभ्यास सत्र की निगरानी करेंगे तथा कोच और खिलाड़ियों के लिए मानदंड भी स्थापित करेंगे।
पूर्व ओलंपियन ख्वाजा जुनैद को राष्ट्रीय टीम का अंतरिम मुख्य कोच नियुक्त किया गया है।
भाषा
पंत सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
