scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशतिरुवनंतपुरम में माकपा नेता समेत तीन पर दो पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला दर्ज

तिरुवनंतपुरम में माकपा नेता समेत तीन पर दो पुलिसकर्मियों से मारपीट का मामला दर्ज

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 23 फरवरी (भाषा) केरल की राजधानी स्थित वेल्लाराडा में एक धार्मिक जुलूस के दौरान एक माकपा नेता समेत तीन व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने से दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

घायलों की पहचान वेल्लाराडा थाने के उप निरीक्षक अभिजीत के (33) और उसी थाने के सिविल पुलिस अधिकारी जसीम (32) के रूप में हुई है।

वेल्लाराडा पुलिस ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के स्थानीय सचिव प्रदीप और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात करीब नौ बजे हुई जब चूंडीकल मंदिर उत्सव के तहत निकाला गया जुलूस वेल्लाराडा पहुंचा। आरोप है कि प्रदीप समेत कुछ लोग सड़क पर नृत्य कर रहे थे। यातायात जाम की आशंका को देखते हुए पुलिसकर्मी जब रास्ता खाली कराने के लिए पहुंचे, तो आरोपियों ने कथित रूप से उन पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, स्थिति को संभालने के लिए पहुंचे उप निरीक्षक पर भी समूह ने हमला किया। प्राथमिकी में कहा गया है कि जब दोनों पुलिसकर्मी उपचार के लिए अनाप्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, तो वहां भी उन्हें कथित रूप से रोका गया। इसके बाद उन्हें परस्साला के एक सरकारी अस्पताल भेजा गया।

भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1) (कर्तव्य निर्वहन के दौरान लोक सेवक को चोट पहुंचाना), 296(बी) (गाली-गलौज) और 3(5) (सामूहिक आपराधिक कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments