scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशभाजपा संविधान को कमजोर कर रही है : तेजस्वी

भाजपा संविधान को कमजोर कर रही है : तेजस्वी

Text Size:

(तस्वीरों के साथ)

पटना, 22 फरवरी (भाषा) राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने रविवार को बिहार में राजग सरकार पर संविधान को कमजोर करने का आरोप लगाया।

संत शिरोमणि गुरु रविदास की 649वीं जयंती के अवसर पर पटना में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा में विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता देश को कमजोर कर रहे हैं।

यादव ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा नेता नाथूराम गोडसे और गोलवलकर की विचारधाराओं का अनुसरण कर रहे हैं, समाज में नफरत फैला रहे हैं और देश को कमजोर कर रहे हैं। वे देश के संविधान को कमजोर कर रहे हैं।’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) दलित विरोधी और आरक्षण के खिलाफ है और दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कारण राज्य के लोग पिछली महागठबंधन सरकार द्वारा शुरू किए गए 65 प्रतिशत आरक्षण से वंचित रह गए हैं।

तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘जब हम बिहार में सत्ता में थे, तब हमने राज्य सरकार की नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में वंचित जातियों के लिए कोटा 50 से बढ़ाकर 65 प्रतिशत कर दिया था। हमने केंद्र से अनुरोध किया था कि इस कानून को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल किया जाए, लेकिन केंद्र ने ऐसा नहीं किया।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इससे पता चलता है कि राजग नेता आरक्षण विरोधी हैं।’’

यादव ने कहा कि राजद ने रविदास समुदाय के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार काम किया है और आगे भी ऐसा करना जारी रखेगी।

उन्होंने दावा किया कि बिहार में शराबबंदी नीति ‘‘पूरी तरह विफल’’ हो गई है।

तेजस्वी ने आरोप लगाया कि सरकार माफियाओं को संरक्षण दे रही है।

भाषा शफीक दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments