धनबाद (झारखंड), 22 फरवरी (भाषा) झारखंड में धनबाद जिला प्रशासन ने एक प्रवासी कामगार के शव को सऊदी अरब से वापस लाने के लिए मदद का हाथ आगे बढ़ाया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
इस प्रवासी कामगार की सऊदी अरब के जेद्दा में मौत हो गयी।
धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि सिंदरी प्रखंड के मनोहर टांड निवासी 40 वर्षीय चंदेश्वर कुमार के परिवार ने शव को वापस लाने के लिए आवश्यक अधिकृत डीलर (एडी) कोड प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करने के बाद प्रशासन से संपर्क किया था।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) द्वारा अधिकृत बैंकों द्वारा जारी किया गया एडी कोड सीमा शुल्क निकासी और आयात एवं निर्यात की प्रक्रिया के लिए महत्वपूर्ण होता है।
रंजन ने शनिवार को बताया, ‘‘परिवार को 12 फरवरी को चंदेश्वर की मृत्यु की सूचना मिली और उन्होंने बताया कि स्थानीय बैंकों से एडी कोड प्राप्त करने में उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से संपर्क किया और मैंने सहायक श्रम आयुक्त प्रवीण कुमार को इस मुद्दे को तत्काल हल करने और परिवार की सहायता करने का निर्देश दिया है।’’
पीड़ित परिवार के अनुसार, कुमार जुलाई 2025 में एक निजी धातु कारखाने में काम करने के लिए जेद्दा गए थे। उनके इस साल जनवरी में घर लौटने की उम्मीद थी।
एक अन्य अधिकारी ने बताया, ‘‘हालांकि, बाद में उन्हें उनकी मौत की सूचना मिली और मृत्यु प्रमाणपत्र मिला।’’
भाषा गोला सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
