scorecardresearch
Monday, 9 March, 2026
होमविदेशउत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, दो सुरक्षाकर्मी मारे गए

उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, दो सुरक्षाकर्मी मारे गए

Text Size:

पेशावर, 21 फरवरी (भाषा) उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शनिवार को खुफिया जानकारी पर आधारित एक अभियान के दौरान हुए आत्मघाती हमले में दो सुरक्षाकर्मी मारे गए। सेना की मीडिया शाखा के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।

प्रवक्ता ने बताया कि खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में चलाए गए अभियान के दौरान फितना अल-ख्वारिज के पांच ख्वारिज भी मारे गए।

पाकिस्तान सरकार प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लिए फितना-अल-ख्वारिज नाम का इस्तेमाल करती है।

प्रवक्ता के मुताबिक, यह अभियान क्षेत्र में एक आत्मघाती हमलावर सहित कई ख्वारिजों (आतंकवादियों) की मौजूदगी के बारे में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर चलाया गया था। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों के एक काफिले को निशाना बनाया।

प्रवक्ता के अनुसार, बन्नू शहर में सुरक्षाबलों ने वाहन सवार आत्मघाती हमलावर को रोक लिया, जिससे आम नागरिकों और कानून प्रवर्तन अधिकारियों को निशाना बनाने की उसकी योजना पर पानी फिर गया।

प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई, जिसमें पांच ख्वारिज मारे गए।

हालांकि, उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने विस्फोटकों से लदे एक वाहन से सुरक्षाबलों के काफिले में शामिल एक वाहन में टक्कर मार दी, जिससे लेफ्टिनेंट कर्नल शहजादा गुल फराज और सिपाही करामत शाह की मौत हो गई।

भाषा पारुल पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments