scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमविदेशब्रिटेन: दुष्कर्म के आरोपी को दोषी ठहराए जाने के बाद पुलिस ने भारतवंशी महिलाओं के लिए अपील जारी की

ब्रिटेन: दुष्कर्म के आरोपी को दोषी ठहराए जाने के बाद पुलिस ने भारतवंशी महिलाओं के लिए अपील जारी की

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, 19 फरवरी (भाषा) ब्रिटेन की अदालत द्वारा 37 वर्षीय गुरविंदर सिंह को दुष्कर्म और यौन अपराधों के कई मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने बृहस्पतिवार को दक्षिण-पश्चिम लंदन में रहने वाली भारतवंशी महिलाओं के लिए विशेष अपील जारी की।

गुरविंदर सिंह को लंदन की साउथवार्क क्राउन अदालत में बुधवार को बलात्कार, बलात्कार के प्रयास और यौन उत्पीड़न के मामलों में दोषी ठहराया गया था और अप्रैल में उसे सजा सुनाई जाएगी।

अपनी जांच के बाद, मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारियों का मानना है कि सिंह के अपराधों का दायरा बहुत व्यापक हो सकता है और संभव है कि कई अन्य महिलाएं भी इसी तरह के अपराधों की शिकार हुई हों।

जांचकर्ता अधिकारियों ने कहा, ‘‘हम विशेष रूप से हेज या साउथॉल क्षेत्र में रहने वाली भारतीय समुदाय की महिलाओं से संपर्क करना चाहते हैं, क्योंकि हमें लगता है कि उसने एक विशिष्ट समुदाय को निशाना बनाया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, जांचकर्ता सभी पहलुओं पर ध्यान दे रहे हैं और सिंह से ऑनलाइन संपर्क या बातचीत करने वाले किसी भी व्यक्ति, या उसके अपराध के बारे में किसी भी जानकारी रखने वाले किसी भी व्यक्ति से अपील कर रहे हैं।’’

एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि पिछले साल जून में पश्चिम लंदन के पैडिंगटन स्थित एक होटल में उससे दुष्कर्म किया गया जिसके बाद ही सिंह की दोषसिद्धि हुई है।

भाषा खारी वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments