नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) नागर विमानन मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि एएआईबी पिछले महीने बारामती के पास लीयरजेट-45 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के मामले में जांच पर एक प्रारंभिक रिपोर्ट जारी करेगा। मंत्रालय ने इस बात पर जोर दिया कि जांच संबंधी सभी कार्रवाइयां पूरी पारदर्शिता और पेशेवर ईमानदारी के साथ की जा रही हैं।
पिछले महीने की 28 तारीख को हुए इस हादसे में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
विमान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) ने कहा कि वीएसआर वेंचर्स के स्वामित्व वाले लीयरजेट-45 विमान के कॉकपिट वॉयस रिकॉर्डर (सीवीआर) से डेटा प्राप्त करने के लिए विशेष सहायता मांगी गई है।
विमान के संचालक, दुर्घटना और जारी जांच को लेकर कुछ हलकों में उठाई गई चिंताओं के बीच मंत्रालय ने कहा कि ‘एएआईबी की जांच तकनीकी और साक्ष्य-आधारित है, जिसमें मलबे की व्यवस्थित जांच, परिचालन और रखरखाव रिकॉर्ड और जहां आवश्यक हो पुर्जों का प्रयोगशाला परीक्षण शामिल है।’
एक बयान में कहा गया है कि आईसीएओ (अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन) के मानदंडों के अनुसार, घटना के 30 दिनों के भीतर एक प्रारंभिक रिपोर्ट जारी की जाएगी और अंतिम रिपोर्ट उचित समय पर जारी की जाएगी।
भाषा शुभम वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
