शिलांग, 19 फरवरी (भाषा) मेघालय विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष मुकुल संगमा ने बृहस्पतिवार को विधानसभा अध्यक्ष से मुख्यमंत्री की टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाने का आग्रह किया।
विपक्ष के नेता ने राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-62 निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं की सरकारी जांच की भी मांग की।
संगमा ने विधानसभा में व्यवस्था का प्रश्न उठाते हुए बुधवार के प्रश्नकाल की कार्यवाही के कुछ हिस्सों को हटाने की मांग की क्योंकि मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने अध्यक्ष को संबोधित करने के बजाय सीधे उनसे (मुकुल संगमा से) हस्तक्षेप न करने का अनुरोध किया था।
नेता प्रतिपक्ष ने दावा किया कि ऐसा आचरण स्थापित नियमों का उल्लंघन है और विधायी प्रक्रिया के प्रति बढ़ती अवहेलना को दर्शाता है।
उन्होंने कहा, “प्रत्येक सदस्य को उत्तर देते समय भी अध्यक्ष को संबोधित करना चाहिए, न कि सीधे सदस्यों को।”
संगमा ने कहा कि विशेषकर मंत्रिमंडल के सदस्यों में प्रश्नकर्ता की ओर देखकर सीधे उनसे बात करने की प्रवृत्ति पाई जाती है। यह हमारी प्रक्रियाओं के बिल्कुल विरुद्ध है।”
उन्होंने अध्यक्ष थॉमस ए. संगमा से आधिकारिक अभिलेख से इन टिप्पणियों को हटाने का आग्रह किया और कहा कि विधानसभा की गरिमा एवं मर्यादा को बनाए रखना आवश्यक है।
अध्यक्ष ने संक्षेप में उत्तर देते हुए सदस्यों को आश्वासन दिया कि वे इस मामले की जांच करेंगे।
मुख्यमंत्री ने बाद में सुझाव का स्वागत किया और इस बात से सहमत हुए कि प्रक्रिया के नियम सभी सदस्यों पर लागू होने चाहिए।
उन्होंने कहा, “अध्यक्ष महोदय, आप जो भी निर्णय लें, प्रक्रिया के नियमों का पालन किया जाना चाहिए। यह एक सकारात्मक सुझाव है और मैं इसे सकारात्मक रूप से स्वीकार करता हूं।”
भाषा जितेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
