scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमखेलभारत के खिलाफ मैच से पहले अहमदाबाद में परिस्थितियां समझने का मौका मिला: बॉश

भारत के खिलाफ मैच से पहले अहमदाबाद में परिस्थितियां समझने का मौका मिला: बॉश

Text Size:

नयी दिल्ली, 18 फरवरी (भाषा) दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज कोर्बिन बॉश को अहमदाबाद में तीन ग्रुप मैच खेलने का मौका मिलने के बाद भरोसा है कि टीम के ‘थिंक टैंक’ को टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ सुपर आठ मैच से पहले रणनीति बनाने में अधिक स्पष्टता मिलेगी।

भारत और दक्षिण अफ्रीका 22 फरवरी को अहमदाबाद में सुपर आठ मैच में आमने-सामने होंगे।

मोटेरा में खेलने के फायदे के बारे में पूछे जाने पर बॉश ने कहा, ‘‘हम खुशकिस्मत हैं कि हमें अहमदाबाद में कुछ मैच खेलने का मौका मिला जो वाकई बहुत अच्छा रहा क्योंकि अब हमारे दो और मैच वहां होने हैं।’’

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज दिवंगत टर्टियस बॉश के बेटे ने कहा, ‘‘हमें हालात का अंदाजा लगाने और आगे के लिए रणनीति बनाने का मौका मिला। अब योजना टीम के नजरिए के बजाय खिलाड़ियों के हिसाब से होगी और इस पर होगी कि एक टीम के तौर पर हम कैसे काम करना चाहते हैं।’’

जब उनसे पूछा गया कि क्या किसी खास भारतीय खिलाड़ी के लिए कोई योजना होगी तो उन्होंने अपने पत्ते नहीं खोले।

बॉश ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि उनका पूरा बल्लेबाजी क्रम काफी खतरनाक है। इसलिए यह उन सभी के लिए होगा। उनके सभी बल्लेबाजों के लिए। मैं किसी एक के बारे में अलग से नहीं कहूंगा।’’

कागिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी और मार्को यानसेन के साथ तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी निभा रहे बॉश ने बुधवार को फिरोज शाह कोटला में तेज गेंदबाजी के अनुकूल हालात में यूएई के खिलाफ 12 रन देकर तीन विकेट चटकाए।

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे शानदार तेज गेंदबाजों वाली टीम के साथ होना मेरे लिए खुशी की बात है। टीम में अब भी एनरिच (नोर्किया) हैं। यह एक लग्जरी है लेकिन इसके साथ अपनी जिम्मेदारियां भी आती हैं। पूरे गेंदबाजी क्रम का स्तर काफी ऊंचा है।’’

भाषा सुधीर नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments