scorecardresearch
Monday, 9 March, 2026
होमदेशअर्थजगतरुपया तीन पैसे टूटकर 90.64 प्रति डॉलर पर बंद

रुपया तीन पैसे टूटकर 90.64 प्रति डॉलर पर बंद

Text Size:

मुंबई, 13 फरवरी (भाषा) अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया शुक्रवार को तीन पैसे की गिरावट के साथ 90.64 (अस्थायी) पर बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में नकारात्मक रुख और वैश्विक बाजारों में अमेरिकी मुद्रा की मजबूती से रुपये में गिरावट आई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने कहा कि डॉलर की मजबूती ने रुपये सहित उभरते बाजारों की मुद्राओं की बढ़त को सीमित कर दिया। इससे रुपया एक सीमित दायरे में कारोबार करने के बाद गिरावट के साथ बंद हुआ।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में, डॉलर के मुकाबले रुपया 90.69 पर खुला, और कारोबार के दौरान 90.60 के दिन के उच्चतम स्तर तक गया और 90.79 के निचले स्तर तक आया।

अंत में, रुपया 90.64 (अस्थायी) पर बंद हुआ जो पिछले बंद भाव से तीन पैसे की गिरावट है।

बृहस्पतिवार को, डॉलर के मुकाबले रुपया 17 पैसे की मजबूती के साथ 90.61 पर बंद हुआ था।

विदेशी मुद्रा सलाहकार फर्म आईएफए ग्लोबल ने एक शोध पत्र में कहा, ‘विभिन्न उद्योगों पर कृत्रिम मेधा (एआई) के असर को लेकर नयी चिंताओं से जोखिम लेने की धारणा कमजोर हुई है। इसके चलते सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली संपत्तियों में तेजी आई है।’

इस बीच, दुनिया की छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर सूचकांक 0.10 प्रतिशत बढ़कर 97.01 पर रहा।

वैश्विक कच्चा तेल मानक ब्रेंट क्रूड, वायदा कारोबार में 0.04 प्रतिशत टूटकर 67.49 डॉलर प्रति बैरल पर था।

घरेलू शेयर बाजार में, सेंसेक्स 1,048.16 अंक टूटकर 82,626.76 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 336.10 अंक टूटकर 25,471.10 अंक पर बंद हुआ।

भाषा सुमित रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments