कराची: पाकिस्तान हॉकी टीम के खिलाड़ियों को कैनबरा पहुंचने के बाद कई घंटे सड़क पर रहना पड़ा, क्योंकि पैसों की कमी के कारण पाकिस्तान हॉकी महासंघ होटल का बिल नहीं चुका सका और होटल की बुकिंग रद्द हो गई.
पाकिस्तानी टीम ऑस्ट्रेलिया के होबर्ट में एफआईएच प्रो लीग के दूसरे चरण के मैच खेलने गई हुई है.
टीम के सूत्रों के अनुसार खिलाड़ियों और अधिकारियों को कई घंटों तक बाहर ही इंतजार करना पड़ा.
एक सूत्र ने बताया, “खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए कैनबरा के एक चार सितारा होटल में कमरे बुक किए गए थे. उन्हें बताया गया था कि पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड और पीएचएफ ने रहने का पूरा भुगतान कर दिया है.”
सूत्र ने कहा, “लेकिन पिछले हफ्ते जब टीम कैनबरा पहुंची तो पता चला कि होटल में कोई बुकिंग थी ही नहीं. टाइम जोन अलग होने की वजह से टीम के मुख्य कोच ताहिर जमान पीएसबी और पीएचएफ अधिकारियों से तुरंत संपर्क नहीं कर सके.”
सूत्र ने कहा, “ताहिर ने अधिकारियों को बताया कि लाहौर से लंबा सफर करके आए खिलाड़ियों के पास आराम करने की कोई जगह नहीं है.”
हॉकी पाकिस्तान का राष्ट्रीय खेल है और टीम प्रो लीग में ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी जैसी बड़ी टीमों के खिलाफ खेल रही है.
सूत्र ने बताया कि कई घंटे इंतजार करने के बाद होटल प्रबंधन ने खिलाड़ियों को कुछ कमरे दिए. सूत्र ने कहा, “कमरे कम थे, इसलिए एक कमरे में दो-तीन खिलाड़ी रुके. अगले दिन वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच खेलने स्टेडियम गए, जिसमें टीम 2-3 से हार गई.”
इससे पहले अर्जेंटीना में प्रो लीग के पहले चरण के दौरान भी खिलाड़ियों को रोज़ाना का भत्ता नहीं मिला था, जिससे विदेश में उन्हें पैसों की दिक्कत हुई.
कैनबरा में टीम मैनेजर साथ नहीं गए, क्योंकि नियमित मैनेजर और पूर्व ओलंपियन अंजुम सईद को पीएचएफ ने हटा दिया है. उन पर वापसी की फ्लाइट में सिगरेट पीने और हवाई अड्डे पर सुरक्षा अधिकारियों से बहस करने का आरोप है.
सूत्र ने बताया कि कैनबरा में कुछ स्थानीय पाकिस्तानी लोगों से संपर्क किया गया, जिन्होंने आकर टीम की मदद की. पाकिस्तान प्रो लीग के सभी छह मैच हार चुका है.
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
