पटना: सहकारिता विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में राज्य की सहकारी समितियों की राष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं—NCOL, NCEL और BBSSL—में सदस्यता की प्रगति की समीक्षा की गई. बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और सभी जिलों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए.
मंत्री ने निर्देश दिया कि राज्य की सभी सहकारी समितियां जल्द से जल्द इन राष्ट्रीय संस्थाओं की सदस्यता लें.
उन्होंने कहा कि इससे किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलेगा. साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे.
मंत्री ने कहा कि नई राष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं से जुड़कर बिहार की समितियां विकास के नए आयाम स्थापित करेंगी और किसानों की आय में स्थायी बढ़ोतरी सुनिश्चित होगी. उन्होंने सदस्यता अभियान तेज करने के निर्देश दिए.
वर्तमान में BBSSL में 5406, NCOL में 400 और NCEL में 436 सहकारी समितियां जुड़ चुकी हैं.
इन संस्थाओं से जुड़ने पर जैविक उत्पादों को बढ़ावा, बेहतर बीज की उपलब्धता और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच का लाभ मिलेगा, जिससे किसानों और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
