scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमदेशप. बंगालः निर्वाचन आयोग ने एक स्थान पर तीन साल से पदस्थ अफसरों के तबादले के आदेश दिए

प. बंगालः निर्वाचन आयोग ने एक स्थान पर तीन साल से पदस्थ अफसरों के तबादले के आदेश दिए

Text Size:

कोलकाता, 11 फरवरी (भाषा) निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में तीन साल से अधिक समय से एक ही पद या एक ही जिले में कार्यरत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के तबादले का आदेश दिया है। आयोग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आदेश के अनुसार, जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी, उप अनुभागीय अधिकारी और जिला स्तर के अन्य प्रशासनिक अधिकारी इस तबादला निर्देश के दायरे में आते हैं।

इसके अलावा, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उपमहानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी इस आदेश के दायरे में आएंगे।

निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव सुनिश्चित करने के लिए, किसी विशिष्ट जिले या पद पर तीन साल से अधिक समय पूरा कर चुके अधिकारियों का तबादला किया जाना आवश्यक है।”

हालांकि, राज्य मुख्यालयों में तैनात अधिकारियों को इस निर्देश से छूट दी गई है। आयोग ने मुख्य सचिव को तुरंत अनुपालन के लिए निर्देश भी भेज दिए हैं।

आयोग ने यह भी कहा कि पिछले विधानसभा चुनावों के दौरान किसी विशिष्ट जिले में जिलाधिकारी, निर्वाचन अधिकारी या निरीक्षक के रूप में तैनात रहे अधिकारियों को आगामी चुनावों में उसी जिले में तैनात नहीं किया जाएगा।

एक अधिकारी ने बताया, “चुनावों के दौरान प्रशासनिक निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह मानक प्रक्रिया का हिस्सा है। ऐसे तबादले राज्यों में बड़े चुनावों से पहले अपनाए जाने वाले स्थापित मानदंडों का हिस्सा हैं।”

भाषा खारी पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments