scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशदारोगा की मौत को पत्नी ने बताया हत्या का मामला, की सीबीआई जांच की मांग

दारोगा की मौत को पत्नी ने बताया हत्या का मामला, की सीबीआई जांच की मांग

Text Size:

बस्ती (उप्र), नौ फरवरी (भाषा) बस्ती जिले से बृहस्पतिवार को लापता हुए एक दारोगा का शव अयोध्या में घाघरा नदी से बरामद होने के बाद उनकी पत्नी ने इसे हत्या का मामला करार देते हुए मुकदमा दर्ज कर इसकी सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।

बस्ती जिले के परसपुर थाने में तैनात रहे पुलिस उपनिरीक्षक अजय गौर का शव रविवार को अयोध्या में घाघरा नदी से बरामद किया गया था। वह पांच फरवरी से लापता थे।

गौर की पत्नी रंजीता ने अपने पति का अपहरण कर हत्या किये जाने का आरोप लगाते हुए घटना की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उनके पति लापता हुए तो पुलिस ने कोई जांच नहीं की।

रंजीता ने कहा कि जब वह सुबह आयी तो गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि उन्हें आशंका है कि गौर की हत्या पुरानी दुश्मनी के कारण की गयी है।

रंजीता ने थाने के एक कर्मी पर शक जताया और दावा किया कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के अनुसार आखिरी बार जब गौर को देखा गया था तब वह सादे कपड़ों में एक पुलिसकर्मी उनके साथ मोटरसाइकिल पर बैठे हुए दिखे थे।

उन्होंने कहा कि जब उनके पति दुबौलिया थाने में तैनात थे तो उपाध्याय नामक एक युवक की पुलिस हिरासत से रिहा होने के बाद मौत हो गई थी।

रंजीता ने कहा कि उस मामले में युवक के चाचा ने उनके पति को धमकी दी थी।

इस बीच, गौर के भाई और झांसी जिले में अपर जिलाधिकारी के पद पर तैनात अरुण कुमार बस्ती पहुंचे और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक दारोगा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, फिर भी न तो पुलिस उप महानिरीक्षक और न ही पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे।

अरुण कुमार ने आरोप लगाया कि गौर के लापता होने पर उन्हें खोजने में लापरवाही बरती गई। उन्होंने इस सिलसिले में मुकदमा दर्ज कर जांच की मांग भी की।

बस्ती के पुलिस अधीक्षक यश वीर सिंह ने बताया कि मृत दारोगा का शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है। उन्होंने कहा, ”हम सीसीटीवी और अन्य तकनीकी मदद से मामले की कड़ियों को जोड़ रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी सबूतों के आधार पर जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा।”

अपर पुलिस अधीक्षक (शहर) अयोध्या चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि बस्ती जिले के परसपुर थाने में तैनात रहे दारोगा अजय गौर गत पांच फरवरी को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए थे तथा उनका शव रविवार को विक्रमजोत क्षेत्र में घाघरा नदी से बरामद किया गया।

त्रिपाठी ने कहा, ‘शव पूरी पुलिस वर्दी में था जिससे पहचान करना आसान हो गया। तलाश के अभियान के दौरान गौर की मोटरसाइकिल बस्ती जिले के अमहट घाट के पास मिली जिससे किसी अनहोनी की आशंका और बढ़ गई।’

पुलिस के अनुसार गौर पांच फरवरी की शाम से लापता थे। पुलिस को दिए अपने बयान में उनकी पत्नी रंजीता ने बताया कि उन्होंने उस शाम अपने पति से सिर्फ दो- तीन सेकंड के लिए बात की थी, जिसके बाद उनसे सम्पर्क टूट गया था।

पुलिस ने इस सिलसिले में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया और तलाशी अभियान शुरू किया जिसके बाद शव बरामद हुआ।

भाषा सं. सलीम

राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments