जयपुर, नौ फरवरी (भाषा) राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को पेंशन विभाग के एक अधिकारी को कथित रूप से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एसीबी चौकी (जयपुर नगर चतुर्थ) की टीम ने पेंशन विभाग (लालकोठी) के सहायक लेखा अधिकारी (एएओ) द्वितीय राजेश कुमार खण्डेलवाल को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया।
एसीबी के महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि उसके पिता की मृत्यु के बाद उनकी माता को पूर्ण पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा था तथा को पूरी पेंशन स्वीकृत कराने और बकाये का भुगतान करवाने के बदले राजेश कुमार रिश्वत मांग रहा है।
परिवादी ने आरोप लगाया कि सहायक लोक अधिकारी ने पूर्ण पेंशन बनाने की एवज में 10 हजार रुपये एवं बकाये राशि का 10 प्रतिशत रिश्वत के रूप में मांगा है।
उपमहानिरीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि एसीबी के सत्यापन में पता चला कि आरोपी ने परिवादी को कहा कि रिश्वत के 10 हजार रुपए तो एक साथ देने पड़ेंगे तथा बकाया का भुगतान परिवादी की मां के बैंक खाते में जमा हो जाए, तब उसका कमीशन देना होगा।
शर्मा के अनुसार फिर जाल बिछाकर कार्यालय में रिश्वत लेते ही उसे पकड़ लिया गया।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
