scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशअर्थजगतगुजरात सरकार और स्टारलिंक के बीच करार; दूरदराज के इलाकों में मिलेगी द्रुत गति की इंटरनेट सेवा

गुजरात सरकार और स्टारलिंक के बीच करार; दूरदराज के इलाकों में मिलेगी द्रुत गति की इंटरनेट सेवा

Text Size:

अहमदाबाद, नौ फरवरी (भाषा) गुजरात सरकार ने राज्य के दूरदराज, सीमावर्ती और कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में उपग्रह आधारित द्रुत गति की इंटरनेट सेवा के लिए सोमवार को ‘स्टारलिंक’ के साथ एक आशय पत्र (एलओआई) का आदान-प्रदान किया।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, एलन मस्क की कंपनी ‘स्पेसएक्स’ की अनुषंगी इकाई ‘सैटेलाइट कम्युनिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड’ (स्टारलिंक) के साथ यह समझौता गांधीनगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी की उपस्थिति में हुआ। समझौते पर राज्य के उद्योग आयुक्त पी स्वरूप और स्टारलिंक इंडिया के प्रमुख प्रभाकर जयकुमार ने हस्ताक्षर किए।

बयान में कहा गया कि इस साझेदारी का उद्देश्य राज्य के उन सुदूर और सीमावर्ती क्षेत्रों में उच्च गति वाली इंटरनेट सुविधा प्रदान करना है, जहां वर्तमान में दूरसंचार बुनियादी ढांचा सीमित है। यह पहल डिजिटल संपर्क मिशन और अन्य रणनीतिक प्रयासों का हिस्सा है।

बयान के अनुसार, ‘इस एलओआई के तहत एक प्रायोगिक परियोजना के माध्यम से सामान्य सेवा केंद्रों (सीएससी), ई-गवर्नेंस सुविधाओं, सरकारी स्कूलों, जिला आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्षों, बंदरगाहों और वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्रों को जोड़ने की योजना है। इस परियोजना का लक्ष्य नर्मदा और दाहोद जैसे आकांक्षी जिलों सहित आदिवासी क्षेत्रों में डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देना है।’

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments