हैदराबाद, नौ फरवरी (भाषा) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक कथित वीडियो (जिसे बाद में हटा दिया गया) को लेकर असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के खिलाफ आपराधिक कार्रवाई की मांग करते हुए सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
भाजपा की असम इकाई ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें कथित तौर पर शर्मा को राइफल से दो लोगों पर निशाना साधकर गोली चलाते हुए दिखाया गया था।
कथित वीडियो में एक व्यक्ति ने टोपी पहनी हुई है व दूसरे ने दाढ़ी रखी हुई है और कैप्शन में लिखा है ‘प्वाइंट ब्लैंक शॉट’।
बाद में पोस्ट को हटा दिया गया था।
हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दुर्भाग्य से, नरसंहारकारी नफरत भरी बातें आम हो गई हैं।”
ओवैसी ने शिकायत में शर्मा पर ‘मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य करने’, दोनों धार्मिक समुदायों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और ‘राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक आरोप लगाने’ की बात कही।
एआईएमआईएम प्रमुख ने शर्मा पर पिछले कई वर्षों से सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया, सार्वजनिक भाषणों और अन्य मंचों के माध्यम से मुस्लिम समुदाय के खिलाफ लगातार बयानबाजी करने का आरोप लगाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के महीनों में मुख्यमंत्री (हिमंत शर्मा) ने जानबूझकर ‘घृणास्पद भाषणों को तेज कर दिया है, जिसका स्पष्ट और सचेत इरादा मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना व हिंदू-मुसलमानों के बीच शत्रुता एवं नफरत को बढ़ावा देना है’, जबकि वह पूरी तरह से जानते हैं कि ऐसे आरोप राष्ट्रीय एकता के लिए हानिकारक और सांप्रदायिक सद्भाव के लिए विनाशकारी हैं।
ओवैसी ने कहा कि भाजपा की असम इकाई के ‘एक्स’ खाते पर सात फरवरी को पोस्ट किया गया हालिया कथित वीडियो हटाए जाने के बाद भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
उन्होंने कहा, “उक्त पोस्ट व वीडियो, साथ ही इस्तेमाल की गई तस्वीरें व ‘प्वाइंट ब्लैंक शॉट’ और ‘नो मर्सी’ जैसे वाक्यांश, मुसलमानों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, धार्मिक समुदायों के बीच नफरत को बढ़ावा देने और सांप्रदायिक हिंसा भड़काने के इरादे से किया गया एक जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य है।”
ओवैसी ने शर्मा के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
