इंदौर (मध्यप्रदेश), नौ फरवरी (भाषा) इंदौर के पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) के आवासीय परिसर में एक पुलिस कर्मी की 24 वर्षीय पत्नी ने सोमवार को कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) श्रीकृष्ण लालचंदानी ने बताया कि आजाद नगर थाना क्षेत्र में पीटीसी आवासीय परिसर में प्रधान आरक्षक शैलेंद्र जादौन की पत्नी स्नेहा (24) ने अपने घर में फांसी लगा ली।
उन्होंने बताया,’जादौन पीटीसी में नव आरक्षकों को योग सिखाते हैं। जब वह सोमवार सुबह योग कक्षा के बाद अपने घर लौटे, तो उन्होंने पत्नी को फांसी के फंदे पर लटका मृत देखा। इस दम्पति का चार साल का एक बेटा है।’’
डीसीपी के मुताबिक फिलहाल पुलिस को जादौन की पत्नी द्वारा लिखकर छोड़ा गया कोई सुसाइड नोट मौके से नहीं मिला है और उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ले जाया गया है।
लालचंदानी ने बताया,’‘शुरुआती जांच में पुलिस कर्मी की पत्नी की आत्महत्या की वजह पता नहीं चल सकी है। पुलिस सभी पहलुओं पर इस घटना की जांच कर रही है।’’
भाषा हर्ष
राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
