scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमखेलआकिब नबी की शानदार गेंदबाजी से मध्य प्रदेश को हराकर जम्मू कश्मीर रणजी सेमीफाइनल में

आकिब नबी की शानदार गेंदबाजी से मध्य प्रदेश को हराकर जम्मू कश्मीर रणजी सेमीफाइनल में

Text Size:

इंदौर, नौ फरवरी (भाषा) तेज गेंदबाज आकिब नबी के करियर के सर्वश्रेष्ठ 12 विकेट से जम्मू कश्मीर ने रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मैच के चौथे दिन सोमवार को यहां मध्य प्रदेश को 56 रन से हराकर अपने 67 साल के इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल में जगह पक्की की।

पहली पारी में सात विकेट चटकाने वाले 29 साल के नबी ने दूसरी पारी में पांच विकेट झटके जिससे जीत के लिए 291 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही 2021-22 की चैंपियन मध्य प्रदेश की टीम 234 रन पर आउट हो गयी।

जम्मू कश्मीर के सामने सेमीफाइनल में बंगाल और आंध्र के बीच खेले जा रहे क्वार्टर फाइनल से आगे बढ़ने वाली टीम की चुनौती होगी।

दूसरे सेमीफाइनल में उत्तराखंड की टक्कर कर्नाटक से हागी।

आकिब ने बीते दिन 23 रन देकर तीन विकेट लिये थे जिससे मध्य प्रदेश का स्कोर दूसरी पारी में पांच विकेट पर 84 रन था। आकिब ने मैच के चौथे दिन रामवीर गुर्जर (11) और फिर मध्य प्रदेश की आखिरी उम्मीद सारांश जैन (81 गेंद में 64 रन) को आउट कर मैच में दूसरी बार पांच विकेट झटकने का कारनामा पूरा किया।

आर्यन पांडे (22) आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे।

इससे पहले दिन की शुरुआत में टीम ने अभी 20 रन ही जोड़े थे कि अनुभवी वेंकटेश अय्यर (17) सुनील कुमार की गेंद को विकेटकीपर के हाथों में खेल गये।

सारांश ने इसके बाद शुभम शर्मा (32) और रामवीर के साथ अहम साझेदारियां कर जम्मू कश्मीर के जीत के इंतजार को बढ़ाया।

वामहस्त स्पिनर आबिद मुश्ताक ने 49 रन देकर तीन विकेट चटकाये।

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर

आनन्द

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments