scorecardresearch
Saturday, 21 February, 2026
होमदेशअर्थजगतजम्मू-कश्मीर में वित्त वर्ष 2022-23 से 14,948 करोड़ रुपये का निजी निवेश हुआ: उप मुख्यमंत्री

जम्मू-कश्मीर में वित्त वर्ष 2022-23 से 14,948 करोड़ रुपये का निजी निवेश हुआ: उप मुख्यमंत्री

Text Size:

जम्मू, नौ फरवरी (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने सोमवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश ने पिछले चार वर्ष में 14,948 करोड़ रुपये का निजी निवेश आकर्षित किया है। इससे औद्योगिक क्षेत्र में 64,515 लोगों को रोजगार मिला है।

विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुनील भारद्वाज के एक प्रश्न का जवाब देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि 2022-23 से जम्मू-कश्मीर में 1,452 औद्योगिक इकाइयां स्थापित की गई हैं।

विवरण देते हुए उन्होंने कहा कि 2022-23 में 629 औद्योगिक इकाइयां 2,153.45 करोड़ रुपये के निवेश के साथ स्थापित हुईं जिससे 15,719 लोगों को रोजगार मिला। वित्त वर्ष 2023-24 में 234 इकाइयों ने 3,389.37 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया और 29,969 नौकरियां सृजित हुईं। वहीं 2024-25 में 405 इकाइयों से 4,145.59 करोड़ रुपये का निवेश आया और रोजगार के 11,396 अवसर सृजित हुए।

उन्होंने कहा कि 2025-26 में दिसंबर तक 184 औद्योगिक इकाइयों ने 5,260 करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित किया और 7,431 लोगों को रोजगार मिला।

चौधरी ने कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में निजी निवेश आकर्षित करने के लिए सरकार ने कई नीतियां और योजनाएं बनाई हैं।

उन्होंने कहा कि उद्योग एवं वाणिज्य विभाग नई केंद्रीय क्षेत्र योजना (एनसीएसएस) 2021, जम्मू-कश्मीर औद्योगिक नीति 2021-30, जम्मू-कश्मीर औद्योगिक भूमि आवंटन नीति 2021-30, जम्मू-कश्मीर निजी औद्योगिक एस्टेट विकास नीति 2021-30 तथा जम्मू-कश्मीर में औद्योगिक क्षेत्र में विदेशी निवेश प्रोत्साहन नीति 2022 सहित कई पहल लागू कर रहा है।

उन्होंने साथ ही कहा, ‘‘ अनुपालन बोझ कम करने और निवेशकों का भरोसा बढ़ाने के लिए ऑनलाइन मंजूरियां, एक-दिन में दुकान पंजीकरण, श्रम कानूनों का युक्तिकरण और छोटे अपराधों का अपराधमुक्तिकरण जैसे सुधार भी लागू किए गए हैं।’’

भाषा निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments