scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशजबरन वसूली से अर्जित गैंगस्टर की संपत्तियां जांच के दायरे में: पंजाब डीजीपी

जबरन वसूली से अर्जित गैंगस्टर की संपत्तियां जांच के दायरे में: पंजाब डीजीपी

Text Size:

चंडीगढ़, आठ फरवरी (भाषा) विदेश में रह रहे गैंगस्टर द्वारा जबरन वसूली के पैसे से पंजाब में अर्जित संपत्तियां जांच के दायरे में हैं। वहीं, वांछित अपराधियों के खिलाफ 72 घंटे का राज्यव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ सोमवार से शुरू किया जाएगा। राज्य के शीर्ष पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने यह भी कहा कि विदेश में रह रहे 61 गैंगस्टर में से 38 के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

डीजीपी ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अभियान का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा कर पंजाब को सुरक्षित बनाना है।

यह पूछे जाने पर कि क्या पुलिस विदेश में रह रहे गैंगस्टरों द्वारा जबरन वसूली के पैसे से अर्जित संपत्तियों की जांच शुरू करेगी, यादव ने कहा कि ऐसी संपत्तियां पहले से ही जांच के दायरे में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उनकी संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’

उन्होंने कहा कि राज्य में नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशा विरुद्ध’ के तहत मादक पदार्थ के तस्करों की संपत्तियों को ध्वस्त किया जा रहा है। इसके अलावा, मादक पदार्थ पर रोकथाम संबंधी ‘एनडीपीएस’ कानून की संबंधित धाराओं के तहत तस्करों की अवैध संपत्तियों को जब्त किया जा रहा है।

‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के बारे में उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत 12,000 अधिकारी तैनात किए जाएंगे, जो 2,000 टीम का हिस्सा होंगे। यादव ने कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य पंजाब को अपराध और गैंगस्टर मुक्त बनाना है। अपराध और संगठित अपराध को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति है।’’

बीस जनवरी को, पंजाब पुलिस ने संगठित अपराध के पूरे सहायक तंत्र को खत्म करने के लिए एक राज्यव्यापी अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ शुरू किया था।

डीजीपी ने कहा कि सोमवार से ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ बुधवार तक चलाया जाएगा और अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए पंजाब पुलिस मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारियों को तैनात किया गया है।

गैंगस्टर गोल्डी बराड़ द्वारा पुलिस अधिकारियों के परिवारों को धमकियों के बारे में पूछे जाने पर यादव ने कहा कि वह किसी अपराधी का महिमामंडन नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा, ‘हर अपराधी के साथ अपराधी जैसा व्यवहार किया जाएगा। हम किसी का महिमामंडन नहीं करना चाहते।’

जालंधर में आम आदमी पार्टी (आप) के नेता लकी ओबेरॉय की हत्या में शामिल मुख्य आरोपी से संबंधित एक सवाल पर यादव ने कहा कि घटना के 24 घंटे के भीतर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।

धमकी वाले सोशल मीडिया पोस्ट के खिलाफ कार्रवाई पर उन्होंने कहा कि 10,000 से अधिक यूआरएल हटा दिए गए हैं और हथियारों को प्रदर्शित करने वाले गानों के मामले में 328 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, जबकि 3,500 हथियारों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं।

ऑपरेशन प्रहार अभियान के नतीजे पर यादव ने कहा कि अब तक गैंगस्टर समेत 5,290 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, और 2,972 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया है।

मादक पदार्थ के खिलाफ अभियान पर, डीजीपी ने कहा कि मार्च 2025 से अब तक 33,779 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं, और 48,167 गिरफ्तारियां की गई हैं।

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments