scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशदिल्ली की मुख्यमंत्री ने विधायक के रूप में अपने विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने विधायक के रूप में अपने विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया

Text Size:

नयी दिल्ली, आठ फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को शालीमार बाग से विधायक रहते हुए अपने द्वारा किए गए कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत किया, जिसमें उन्होंने बताया कि दिल्ली में भाजपा सरकार के पहले वर्ष में निर्वाचन क्षेत्र में 250 करोड़ रुपये की परियोजनाएं या तो पूरी हो चुकी हैं या विभिन्न चरणों में पूरी होने वाली हैं।

उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र के पीतमपुरा क्षेत्र में स्थित जिला पार्क में कई जन कल्याणकारी परियोजनाओं की शुरुआत भी की।

गुप्ता ने एक भावुक संबोधन में अपने स्कूल और कॉलेज के दिनों तथा शहर की बसों में अपनी दैनिक यात्रा को याद किया और कहा कि उस क्षेत्र (जिसने उनके बचपन, पहचान और मूल्यों को आकार दिया) से विधायक बनना एवं मुख्यमंत्री नियुक्त होना ईश्वरीय कृपा और जनता के प्रेम का परिणाम है।

अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि चुनावी हार ने उन्हें कभी पीछे नहीं हटने दिया, क्योंकि जनता के साथ उनका रिश्ता हमेशा भरोसे पर आधारित रहा है, पद पर नहीं। उन्होंने दिल्ली में भाजपा सरकार के गठन को जनता की आकांक्षाओं की जीत बताया।

पिछले वर्ष का रिपोर्ट कार्ड साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में लगभग 250 करोड़ रुपये के विकास कार्य या तो पूरे हो चुके हैं या प्रगति पर हैं, जबकि हजारों करोड़ रुपये की बड़ी परियोजनाएं प्रक्रिया में हैं।

उन्होंने आगामी परियोजनाओं की सूची दी, जिनमें मुनक नहर के किनारे प्रस्तावित 5,000 करोड़ रुपये की लागत वाला एलिवेटेड मार्ग, नहर किनारे का सौंदर्यीकरण और छठ घाट बनाया जाना, एक आधुनिक सभागार की स्थापना, मॉडल स्कूल, सामुदायिक हॉल, एक विस्तारित आयुर्वेदिक अस्पताल, उन्नत मातृ एवं शिशु देखभाल केंद्र और निर्वाचन क्षेत्र में नए खेल परिसर शामिल हैं।

भाषा

शुभम नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments