scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशभारत-अमेरिका व्यापार समझौता देश के पक्ष में, किसानों के हित सुरक्षित: पंजाब भाजपा प्रमुख

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता देश के पक्ष में, किसानों के हित सुरक्षित: पंजाब भाजपा प्रमुख

Text Size:

चंडीगढ़, आठ फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने रविवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से राज्य के औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उन्होंने समझौते में किसानों के हितों की रक्षा के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी धन्यवाद दिया। जाखड़ ने कहा कि भारत सरकार ने सावधानीपूर्वक विचार-विमर्श के बाद, दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के साथ सफलतापूर्वक एक समझौता किया, जो देश और पंजाब में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देगा। उन्होंने यह भी कहा कि इससे देश के किसानों, खासकर पंजाब के किसानों पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

भाजपा नेता ने कहा कि पंजाब में उगाई जाने वाली सभी फसलों को समझौते से बाहर रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने लंबी चर्चा के बाद समझौते को अंतिम रूप दिया, जिसमें सरकार का प्राथमिक ध्यान किसानों के हितों की रक्षा करना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अमेरिका से ऐसे किसी भी अनाज का आयात नहीं किया जाएगा जिसकी पैदावार पंजाब में होती है। उन्होंने कहा कि इसी तरह, इस समझौते के तहत डेरी क्षेत्र के लिए भी पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की गई है।

भाजपा नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के नेताओं को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में हुए इस समझौते के लिए सरकार को बधाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, वे रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाने में विफल रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि आप नीत सरकार की चुप्पी ही इस बात का सबूत है कि समझौता फायदेमंद है।

उन्होंने कहा कि समझौते से देश से निर्यात बढ़ेगा और औद्योगिक विकास को नयी दिशा मिलेगी, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments