मुंबई, आठ फरवरी (भाषा) इंग्लैंड ने कप्तान हैरी ब्रूक (53 रन) और जैकब बेथेल (55 रन) के अर्धशतकों से रविवार को यहां टी20 विश्व कप ग्रुप सी के अपने शुरुआती मैच में नेपाल के खिलाफ सात विकेट पर 184 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज बेथेल ने टी20 विश्व कप पर्दापण में तेज अर्धशतक से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 35 गेंद में चार छक्के और इतने ही चौके लगाए।
कप्तान ब्रूक 32 गेंद में चार चौके और तीन छक्के की मदद से एक महत्वपूर्ण पारी खेलने के बाद आउट हो गए। उन्होंने बेथेल के साथ चौथे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की।
नेपाल के गेंदबाजों ने अपनी तरफ से कड़ी चुनौती पेश की। शेर मल्ला ने अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर फिल साल्ट (01) को कैच आउट करवाया तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। नंदन यादव ने पांचवें ओवर में जोस बटलर (26) का अहम विकेट लिया जो बेथेल के साथ मिलकर पारी को संभालने की कोशिश कर रहे थे।
सातवें ओवर में इंग्लैंड ने तीसरा विकेट टॉम बैंटन के रूप में लिया जो स्पिनर संदीप लामिचाने को रिवर्स स्वीप करने की कोशिश में पगबाधा आउट हुए।
इससे पहले बेथेल ने उनकी पहली चार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया था। फिर बेथेल का साथ निभाने ब्रूक उतरे।
यह वही पिच है जिस पर शनिवार रात को भारत ने 77 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे।
हालांकि इंग्लैंड को निश्चित रूप से उस पिच पर बल्लेबाजी करने में कोई परेशानी नहीं हुई जिस पर कुछ गेंद रूककर आ रही थी। इंग्लैंड के बल्लेबाज काफी हद तक अपने शॉट खेलने में सफल रहे। हालांकि कोई भी भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव की तरह पारी नहीं खेल सका।
इंग्लैंड ने आखिरी तीन ओवरों में 45 रन बनाए जिसमें विल जैक्स चार छक्के और एक चौका लगाकर 18 गेंद में 39 रन बनाकर नाबाद रहे।
मैदान में नेपाल के प्रशंसक भारी संख्या में मौजूद थे जो इंग्लैंड के प्रशंसकों की तुलना में कहीं ज्यादा थे।
नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह ऐरी और नंदन यादव ने दो दो विकेट झटके। शेर मल्ला और संदीप लामिचाने ने एक एक विकेट प्राप्त किया।
भाषा नमिता मोना
मोना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
